आध दर्जन पंचायतों में नहीं मिली राहत सामग्री, प्रदर्शन
बोचहां की देवगण, आदिगोपालपुर,पटियाशा, रामपुर जयपाल समेत आधा दर्जन पंचायतों में बाढ़ राहत सामग्री का वितरण नहीं हो सका है।
मुजफ्फरपुर। बोचहां की देवगण, आदिगोपालपुर,पटियाशा, रामपुर जयपाल समेत आधा दर्जन पंचायतों में बाढ़ राहत सामग्री का वितरण नहीं हो सका है। जिससे आक्रोशित लोगों ने शनिवार को प्रखंड मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। देवगन पंचायत के उप मुखिया उपेंद्र भगत के नेतृत्व में आदिगोपालपुर की नगीना देवी, देवगण के कमलदेव मिश्रा, अजय कुमार साह, रघुनाथ मंडल, महेंद्र सहनी, फुलबाबू सहनी, विरेंद्र शाही, पटियाशा की पवन देवी, रामपुर जयपाल के विमल सहनी, प्रमोद सहनी आदि ने बताया कि सीओ द्वारा बाढ़ पीड़ितों की जांच और फोटोग्राफी भी कराई गई थी। बावजूद राहत समाग्री के लिए लोगों को हर रोज मुख्यालय का चक्कर काटना पड़ रहा है। देवगण में जांच रिपोर्ट 23 सितंबर के अनुसार वार्ड 3, 4, 5, 8 व 10 में अभी तक राहत सामग्री नहीं बांटी गई है। पटियाशा के वार्ड 6, आदिगोपालपुर के वार्ड एक में भी प्रभावित परिवार राहत से वंचित हैं। लोगों का आरोप है कि अंचलाधिकारी पल्ला झाड़ रहे हैं। अब जिलाधिकारी के समक्ष धरना-प्रदर्शन कर अपने हक की लड़ाई लड़ी जाएगी। उप मुखिया उपेंद्र भगत ने बताया कि देवगण पंचायत में 2972 की सूची में मात्र 395 लोगों को ही राहत सामग्री दी गई है। उधर, सीओ सतीश कुमार ने बताया कि अनुश्रवन समिति की अनुशंसा के आधार पर राहत वितरण किया गया है।