बिहार विश्वविद्यालय के खेल कैलेंडर से इस बार हॉकी गायब, छात्रों में मायूसी Muzaffarpur News
छह व सात सितंबर को एमएस कॉलेज में इंटर कॉलेज वॉलीबॉल प्रतियोगिता से शुभारंभ। 19 व 20 दिसंबर को आरडीएस कॉलेज में इंटर कॉलेज वुशू प्रतियोगिता के साथ समापन।
मुजफ्फरपुर, [मुकेश कुमार 'अमन']। हॉकी राष्ट्रीय खेल है। मगर, इसको बिहार का प्राचीन विश्वविद्यालय ही तवज्जो नहीं देता। बीआरए बिहार विश्वविद्यालय बिहार और झारखंड के सबसे पुराने विश्वविद्यालयों में एक है। विश्वविद्यालय के वार्षिक खेल कैलेंडर से हॉकी के गायब होने से खेलप्रमियों व छात्र-छात्राओं में मायूसी है। आखिर राष्ट्रीय खेल को क्यों नजरअंदाज किया जा रहा, इस बात को लेकर छात्र संगठनों में भी काफी आक्रोश है।
पिछले साल 21 व 22 सितंबर को एलएनटी कॉलेज में इंटर कॉलेज हॉकी (महिला/पुरुष) प्रतियोगिता का आयोजन हुआ था। मगर, इस बार खेल कैलेंडर से हॉकी गायब है। इस साल 2019-20 सत्र के लिए सात अप्रैल को ही खेल कैलेंडर जारी हुआ। सभी कॉलेजों को खेल कैलेंडर भेजकर उसके अनुरूप आयोजन की तैयारी का निर्देश भी दिया गया है।
छात्र संगठनों ने जताई आपत्ति
विश्वविद्यालय छात्रसंघ के अध्यक्ष बसंत कुमार सिद्धू ने कहा कि बिहार में खेल के मामले में प्रतिभा की कमी नहीं है अगर, यहां के भी खिलाडिय़ों को मौका दिया जाए तो वे जरूर बेहतर करेंगे। मगर विश्वविद्यालय जब खुद राष्ट्रीय खेल की उपेक्षा करेगा तो खिलाडिय़ों के मन-मस्तिष्क पर इसका बुरा प्रभाव पड़ेगा।
छात्र जदयू के नेता ठाकुर प्रिंस ने कहा कि हॉकी के नामचीन खिलाड़ी और कप्तान रहे मेजर ध्यानचंद खिलाडिय़ों के आदर्श हैं। हॉकी का नाम आते ही खिलाडिय़ों के जेहन में उनका नाम आ जाता है। छात्र परिषद बिहार के संकेत मिश्रा, छात्र जदयू के रंजीत राज गुड्डू ने भी खेल कैलेंडर में हॉकी को शामिल नहीं किए जाने पर गहरी आपत्ति जताई है।
बीआरए बिहार विवि का स्पोर्ट्स कैलेंडर
विवि क्रीड़ा परिषद द्वारा जारी खेल कैलेंडर के अनुसार, 06 व 07 सितंबर को एमएस कॉलेज में इंटर कॉलेज वॉलीबॉल (पुरुष), 21 व 24 सितंबर को आरडीएस कॉलेज में इंटर कॉलेज बैडमिंटन (महिला/पुरुष), 27 व 28 सितंबर को एलएन कॉलेज कॉलेज, भगवानपुर में इंटर कॉलेज बास्केटबॉल (मेंस), 28 व 30 सितंबर को एलएस कॉलेज में चेस, 03 व 04 अक्टूबर को नीतीश्वर कॉलेज में टेबल-टेनिस, 11 व 12 अक्टूबर को एलएस कॉलेज में लॉन टेनिस, 14 से 15 अक्टूबर तक एमडीडीएम में में वॉलीबॉल (महिला), 12 से 13 अक्टूबर को वॉलीबॉल (महिला) प्रतियोगिता होगी।
जबकि 02 से 03 नवंबर को टीपी वर्मा कॉलेज, नरकटियागंज में फुटबॉल (महिला), 06 व 07 नवंबर को एलएन कॉलेज भगवानपुर में खो-खो (पुरुष), आठ से नौ नवम्बर को एमएसकेबी मुजफ्फरपुर में कबड्डी (महिला), 16 व 17 नवंबर को रामेश्वर सिंह कॉलेज में कबड्डी (पुरुष), 18 व 20 नवम्बर को टीपी वर्मा कॉलेज में फुटबॉल (पुरुष), 26 व 27 नवम्बर को आरडीएस कॉलेज में एथलेटिक्स (महिला/पुरुष), तीन व चार दिसंबर को एमएसकेबी मुजफ्फरपुर में खो-खो (महिला), 13 से 16 दिसंबर एलएस कॉलेज में क्रिकेट (पुरुष) व 19 व 20 दिसंबर को इंटर कॉलेज वुशू प्रतियोगिता आरडीएस कॉलेज में होगी।
खेल कैलेंडर में हॉकी को शामिल नहीं करना खेदजनक: प्रभारी कुलपति
बीआरएबीयू प्रभारी कुलपति प्रो. राजेश सिंह ने कहा कि खेल कैलेंडर में हॉकी को शामिल नहीं करना निश्चय ही खेदजनक है। हॉकी हमारा राष्ट्रीय खेल है और उसकी उपेक्षा कैसे की जा सकती है। हम इस बारे में पता कराते हैं।
हॉकी के लिए कोई टीम टर्नअप ही नहीं हो रही। पिछले तीन साल से यह हाल है। जब कोई टीम या खिलाड़ी तैयार ही नहीं होंगे तो हम क्या कर सकते हैं। पहले टीम बनती थी तो खेल भी होता था।
क्रीड़ा परिषद के सचिव ने कहा-हॉकी के लिए कोई टीम नहीं हो रही टर्नअप
विवि क्रीड़ा परिषद के सचिव डॉ. अखिलेश डोगरा ने कहा कि हॉकी के लिए कोई टीम टर्नअप ही नहीं हो रही। पिछले तीन साल से यह हाल है। जब कोई टीम या खिलाड़ी तैयार ही नहीं होंगे तो हम क्या कर सकते हैं। पहले टीम बनती थी तो खेल भी होता था।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप