Weather Forecast: सर्द पछिया हवा से बढ़ी कनकनी, ठंड से फिलहाल निजात मिलने उम्मीद नहीं
Weather Forecast अधिकतम तापमान में पांच डिग्री तक आई गिरावट। आठ से दस किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से चलेगी हवा।
समस्तीपुर, जेएनएन। सुबह से ही चल रही सर्द पछिया हवा से जनजीवन बेहाल रहा। अधिकतम तापमान में पांच डिग्री की गिरावट आने से धूप के बावजूद लोगों को ठंड का अहसास हुआ। कनकनी भरी ठंड से फिलहाल निजात मिलने उम्मीद नहीं है। अगले दो-तीन दिनों तक यह स्थिति बनी रह सकती है। यह कहना है डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा के मौसम विभाग का। पूर्वानुमान के अनुसार उत्तर बिहार में कनकनी भरी ठंड से जंग जारी रहने की संभावना है। लोग सर्द पछिया हवा चलने से परेशान हैं। मानव के साथ-साथ पशु-पक्षियों पर भी ठंड का प्रतिकूल असर पड़ रहा है। हालांकि यह रबी फसलों के लिए काफी अनुकूल मौसम है।
मौसम वैज्ञानिक डॉ. ए सत्तार का बताना है कि अगले दो-तीन दिनों तक कनकनी वाली ठंड बरकरार रहेगी। सुबह-शाम विभिन्न क्षेत्रों में हल्के से मध्यम कुहासा छाया रह सकता है। शनिवार को न्यूनतम तापमान तो सामान्य रहा। लेकिन अधिकतम में 5 डिग्री की आई गिरावट से दिन में भी काफी ठंड लोग महसूस कर रहे हैं।
मौसम विभाग के अनुसार शनिवार का अधिकतम तापमान 17.0 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 8.0 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। न्यूनतम तापमान लगभग सामान्य है। वहीं अधिकतम तापमान 22.7 डिग्री रहना चाहिए, जो पांच डिग्री नीचे रहा। मौसम वैज्ञानिक का कहना है कि अगले दो-तीन दिनों तक अधिकतम तापमान 17 से 19 डिग्री एवं न्यूनतम तापमान 8 से 10 डिग्री के बीच रहने की संभावना है। इस दौरान 8 से 10 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से सर्द पछिया हवा चलेगी। इससे आमजन परेशान रह सकते हैं। किसानों को समसामयिक सुझाव में कहा है कि आलू एवं मटर में पाला का अगर प्रकोप दिखाई दे तो जल्द फफूंदनाशक दवा से छिड़काव करें।