मुजफ्फरपुर में केंद्रीय गृह राज्यमंत्री बोले- सत्ता पाने के लिए विपक्ष CAA-NRC को लेकर फैला रहा भ्रम
मुजफ्फरपुर में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय प्रेस कांफ्रेंस में बोले- विपक्ष के लोग ओछी राजनीति कर सत्ता पाने के लिए फैला रहे भ्रम।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने कहा है कि नागरिकता संशोधन कानून किसी भी भारतीय नागरिक के हित प्रभावित नहीं होंगे। बल्कि यह कानून मानवता को सुनिश्चित करने वाला है। आज जब यह सपना साकार हुआ है तो हमें इस कानून को लेकर जागरुकता के स्तर पर तो काम करना ही होगा, साथ ही विपक्ष के दुष्प्रचार से भी पर्दा हटाना होगा। हमारे यशस्वी नेतृत्व द्वारा इस कानून के रूप में ऐसा ऐतिहासिक काम किया गया है, जिसकी आवश्यकता अनेक महान नेताओं ने बताई थी।
वे गुरुवार को शहर के एक निजी आवसीय होटल में भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष रंजन कुमार और अन्य नेताओं के साथ एक संवाददाता सम्मेलन में बोल रहे थे। कहा- सीएए के प्रति लोगों के बीच भ्रम पैदा कर विपक्ष (कांग्रेस) ओछी राजनीति कर सत्ता में आने का प्रयास कर रही है। ऐसा नहीं होगा। भाजपा के कार्यकर्ता जन के बीच जागरुकता फैलाएंगे।
असम समझौते को लागू करने के लिए केंद्र सरकार प्रतिबद्ध
कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल असम सहित पूरे नार्थइस्ट में हिंसा फैलाने में लगे हैं। जबकि हकीकत यह है कि केंद्र सरकार असम समझौते को लागू करने के लिए प्रतिबद्ध है। गृह मंत्रालय की एक स्थाई समिति है, जो असम समझौते का कार्यान्वयन सुनिश्चित कराती है। यह कानून अनुच्छेद तीन सौ इकहतर के किसी भी प्रावधान का उल्लंघन नहीं करता। सरकार पूर्वोतर राज्यों के लोगों की भाषाई, सांस्कृतिक तथा सामाजिक पहचान को संरक्षित करने के लिए कटिबद्ध है।