चुनावी सभा में बोले नीतीश- केंद्र के सहयोग से राज्य विकास के पथ पर है अग्रसर
पहले मतदान फिर जलपान का मुख्यमंत्री ने दिया नारा। जात -पात की राजनीति से दूर खड़ी एनडीए सरकार विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं पासवान।
समस्तीपुर, जेएनएन। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि देश की प्रतिष्ठा, आतंकवाद से सुरक्षा तथा विकास में नरेंद्र मोदी का कोई विकल्प नहीं है। केंद्र से भरपूर सहयोग मिलने से राज्य विकास के पथ पर अग्रसर है। बिहार की सडकें, बिजली और शिक्षा में निरंतर सुधार हो हो रहा है।
वे शनिवार को स्थानीय रायपुर स्थित महंथ नारायण दास उच्च विद्यालय मैदान और खानपुर के उच्च विद्यालय खतुआहा में चुनावी सभाओं को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने पहले मतदान, फिर जलपान का नारा दिया। साथ ही कहा कि 13 वर्षों की सेवा की मजदूरी मांगने आए हैं।
उन्होंने कहा कि हमारी सरकार विकास में विश्वास रखती है। हमें जनता तथा देश के विकास की ङ्क्षचता है। परंतु, एक तबका लोगों को आपस में लड़ाकर सत्ता में आना चाहता है। वे बगैर मेहनत के रुपये कमाने की मंशा रखते हैं। हमारी सरकार ने सभी जिलों में मेडिकल तथा इंजीनियरिंग कालेज की स्थापना कर युवाओं को रोजगार देने का लक्ष्य रखा है।
महिलाओं को आरक्षण देकर सभी क्षेत्र में महिलाओं को आगे बढ़ा रही है। अब युवाओं को शिक्षा के लिए अन्यत्र नहीं जाना पड़ेगा। मुख्यमंत्री ने लालू प्रसाद का नाम लिए बगैर कहा कि एक ही परिवार के लोगों ने बिहार में 15 वर्षों तक शासन किया। वे सिर्फ अपना विकास करने के अलावा राज्य का कोई काम नहीं किया। सीएम ने देश में मोदी सरकार को फिर से लाने के लिए उजियारपुर लोस के भाजपा प्रत्याशी नित्यानंद राय को वोट देने की अपील की।
एनडीए सरकार ने दलित के बेटे को राष्ट्रपति बनाया : रामविलास
सभा में केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान ने कहा कि कांग्रेस ने 72 साल के शासन में आरक्षण की बात नहीं की। यह बाबा साहेब आंबेडकर ने दिया था। मोदी सरकार ने ही पार्लियामेंट में आंबेडकर की तस्वीर लगाई। उनके स्मारकों को राष्ट्रीय स्मारक बनाया। एनडीए सरकार में ही एक दलित के बेटे को राष्ट्रपति बनाया गया। अगले 2020 तक सभी झोपड़ी को पक्का बना दिया जाएगा। एनडीए सरकार जात -पात की राजनीति से दूर खड़ी है। विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है।
मोदी ने अपने कर्मचारियों का भी ख्याल रखा : सुमो
उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने कहा कि जब नरेंद्र मोदी गुजरात के मुख्यमंत्री थे तब उनके खाते पर इक्कीस लाख रुपये थे। उसे अपने कर्मचारियों के बच्चे के विकास के लिए उनके खाते में डाल दिया। विगत पांच वर्ष में केंद्र सरकार जितना काम किया उतना कांग्रेस सरकार 72 साल में नही कर सकी। सभा को प्रत्याशी नित्यानंद राय, विधान पार्षद हरिनारायण चौधरी, नगर विकास मंत्री सुरेश शर्मा, सांसद रामनाथ ठाकुर, सम्राट चौधरी ने भी संबोधित किया।