पुलिस की पिटाई से निगम का सफाईकर्मी जख्मी
वर्दी एवं परिचय पत्र के साथ वार्ड 13 में शुक्रवार को सफाई कार्य कर रहे नगर निगम के सफाईकर्मी राजा राम की पुलिस ने पिटाई कर दी।
मुजफ्फरपुर : वर्दी एवं परिचय पत्र के साथ वार्ड 13 में शुक्रवार को सफाई कार्य कर रहे नगर निगम के सफाईकर्मी राजा राम की पुलिस ने पिटाई कर दी। इससे वह बुरी तरह जख्मी हो गए। कर्मी के स्वजन उन्हें ठेला पर लादकर निगम कार्यालय पहुंचे और हंगामा किया। बाद में घायल को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
अनिवार्य सेवा होने से शहर में लॉकडाउन के बाद भी नगर निगम के कर्मचारी काम कर रहे हैं। निगम ने पहचान के लिए सफाईकर्मियों को वर्दी व परिचय पत्र दिया है। इसके बावजूद पुलिस घर से काम पर निकलने वाले निगम के सफाईकर्मियों की लगातार पिटाई कर रही है। इससे पहले नगर निगम के तीन टै्रक्टर चालकों को सरैयागंज टावर के पास व कार्यालय आ रहे सफाईकर्मी संजय राम की लकड़ीढाई में पुलिस ने पिटाई की थी। पुलिस की इस कार्रवाई से निगम कर्मियों में आक्रोश है। उन्होंने सफाई कार्य ठप करने की चेतावनी दी है। नगर निगम कामगार यूनियन के अध्यक्ष अशोक राय व सचिव मनीष कुमार ने सदर अस्पताल में भर्ती कर्मी से मुलाकात की। इसके बाद कहा कि पुलिस की पिटाई से सफाईकर्मी अब काम पर जाने को तैयार नहीं हो रहे हैं। निगम प्रशासन या तो काम बंद करने का आदेश दे या फिर कर्मियों को सुरक्षा मुहैया कराए। वहीं बिहार लोकल बॉडीज इम्पलाइज फेडरेशन के महामंत्री अशोक कुमार सिंह ने कहा कि पुलिस कर्मचारियों की पिटाई कर सफाई कार्य बाधित कराना चाहती है। उन्होंने निगम प्रशासन को चेतावनी दी कि कर्मचारी इस विषय परिस्थिति में भी काम कर रहे हैं। पुलिसवालों की हरकत नहीं रुकी तो कभी भी शहर की सफाई ठप हो सकती है।
-----------------------
एसएसपी से इस संबंध में बातचीत की जाएगी। निगम कर्मचारी अनिवार्य सेवा कार्य में लगे हैं। उनको परिचय पत्र दिया गया है। उन्हें काम से रोका नहीं जाना चाहिए।
मनेश कुमार मीणा, नगर आयुक्त
--------------------
निगम कर्मियों की लगातार पिटाई की शिकायतें आ रही हैं। पिटाई करने वाले पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई होनी चाहिए। इस संबंध में डीएम से बात की जाएगी।
सुरेश कुमार, महापौर