सीतामढ़ी में दहेज की खातिर नवविवाहिता को जिंदा जलाया, पुलिस ने शुरू की छानबीन Sitamarhi News
सीतामढ़ी के रून्नीसैदपुर थाना क्षेत्र की घटना। प्राथमिकी में दहेज की खातिर जलाकर हत्या की बात कही गई है। ससुरालवालों ने बताया विद्युत स्पर्शाघात से मौत। जांच में जुटी पुलिस...
सीतामढ़ी, जेएनएन। रुन्नीसैदपुर थाना क्षेत्र के माणिक चौक (धकजरी) गांव में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितयों में मौत होने की सूचना है। मायके वालों ने इसे दहेज हत्या करार देते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है। मृतका अनिता (23) गांव के शक्ति झा की पत्नी थीं। उधर, ससुराली मौत की घटना को विद्युत स्पर्शाघात बताकर दुर्घटना करार दे रहे हैं। मायके वालों ने इसे दहेज को लेकर एक साजिश पूर्ण हत्या करार दिया है। आरोपित दहेज में एक बाइक तथा कीमती फर्नीचर की मांग के साथ उसे प्रताडि़त करने लगे।
प्राथमिकी में दहेज की खातिर जलाकर हत्या की बात कही गई है। पुलिस मामले की तहकीकात में जुटी है। मृतका के भाई संजीव कुमार के बयान पर पति शक्ति झा, ससुर खगेश झा, सास, ननद माधुरी व ननदोई मुकेश झा को नामजद किया गया है। प्राथमिकी के अनुसार, मुजफ्फरपुर के औराई थाने के हंसवाड़ा गांव निवासी नमोनाथ मिश्रा की पुत्री अनिता की शादी करीब ढ़ाई वर्ष पूर्व धकजरी गांव निवासी खगेश झा के पुत्र शक्ति झा के साथ हुई थी। शादी के महज कुछ महीनों बाद से ही दहेज को लेकर रिश्ते में खटास आ गई।
बथनाहा सरेह में फेंका महिला का शव
सीतामढ़ी के बथनाहा थाना क्षेत्र के किशनपुर गांव के सरेह से 13 जनवरी को बरामद नवविवाहिता के शव की शिनाख्त हो गई है। पुलिस का कहना है कि उसके स्वजनों ने सदर अस्पताल पहुंचकर शिनाख्त कर ली है। नेपाल के सर्लाही जिले के बलरा थाना क्षेत्र के सेड़वा गांव निवासी मोदनाथ ङ्क्षसह की पुत्री सीमा कुमारी (25) के रूप में शिनाख्त हुई है। सदर अस्पताल में कागजी प्रक्रिया पूरी कर उसके पिता को शव सीपूर्द कर दिया गया।
मृतका के पिता मोदनाथ सिंह ने बताया कि नवंबर 2018 में सीमा की शादी मोतिहारी जिले के पिपरा थाना क्षेत्रांतर्गत फेनारा गांव निवासी सुशांत कुमार सिंह से हुई थी। कुछ दिनों तक सबकुछ ठीक ठाक था।
इधर, कुछ दिनों से दहेज को लेकर सीमा को प्रताडि़त किया जा रहा था। उन्होंने कहा कि दहेज को लेकर ही ससुरालियों ने उसे जहर देकर हत्या कर दी। साक्ष्य छुपाने की नीयत से शव को बथनाहा थाना क्षेत्र के किशनपुर गांव के सरेह में फेंक दिया। उन्होंने बताया कि दैनिक जागरण के मुख्य पृष्ठ पर छपी खबर के आधार पर संदेह हुआ तो सीतामढ़ी पहुंचकर हम सबने छानबीन की।