यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 05, 2018 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
नेपाल के पीएम संग डिनर में शामिल होंगे सांसद निषाद
नेपाल के प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली भारत दौरे पर आ रहे है।

मुजफ्फरपुर। नेपाल के प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली भारत दौरे पर आ रहे है। उनके साथ डिनर पार्टी में शामिल होने के लिए सांसद अजय निषाद को निमंत्रण आया है। दिल्ली स्थित नेपाल राजदूतावास ने सांसद अजय निषाद को डिनर पार्टी में शामिल होने के लिए बकायदा आमंत्रण दिया है। सांसद निषाद ने बताया कि 6 अप्रैल को नेपाल के प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली से मिलने का एक खास अवसर होगा। नेपाल के पीएम को भारत आने का स्वागत करते हुए कहा कि भारत व नेपाल के बीच बेटी-रोटी के रिश्ते को मजबूत करने की पहल वह लगातार करते रहे है। नेपाल हमारा पड़ोसी मित्र देश है। नेपाल के विकास के बिना भारत का विकास अधूरा है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अपने कार्यकाल में लगातार नेपाल यात्रा किये। प्रधानमंत्री ने कहा कि हम पड़ोसी नहीं बदल सकते। प्रधानमंत्री चाहते है कि भारत की तरह नेपाल का चौतरफा विकास हो। नेपाल के विकास में भारत का सहयोग लगातार है।
नेपाल में पिछले दिनों हुए संसदीय चुनाव में उनको जाने का अवसर मिला। इसके पहले लगातार नेपाल-भारत समिट व अन्य आयोजन में जाते रहे है। सांसद निषाद ने कहा कि उनके कई मित्र नेपाल में सांसद व विधायक है। प्रधानमंत्री से मुलाकात में वह दोनों देशों के बीच मोबाइल कॉल रेट सस्ता करने, तराई में बंद पड़े चीनी मिलों को चालू कराने, पर्यटन को बढ़ावा देने, व्यापारिक रिश्ते को प्रगाढ़ करने पर खास चर्चा करेंगे। पिछले दिनों वह नेपाल यात्रा पर थे। वहां की राष्ट्रपति विद्या देवी भंडारी से मिले थे। उनके साथ भारत से सांसद चनक राम, सांसद मुकेश राजपूत, विधान पार्षद पूर्व मंत्री देवेशचन्द्र ठाकुर शामिल हुए थे। नेपाल व भारत के बीच जो सदियों पुराना समाजिक, सांस्कृतिक, राजनीतिक, व्यापारिक संबंध है वह कैसे मजबूत रहे इस पर चर्चा होगी। भारत व नेपाल के बीच रिश्ता विश्व के लिए मिशाल है।
