मुजफ्फरपुर में शराब के खिलाफ महिलाओं का हल्ला बोल, तुर्की के तेलिया में बताईं भट्ठियां तो पुलिस ने किया ध्वस्त
Bihar Country Liquor: मुजफ्फरपुर के तेलिया गांव में महिलाओं ने अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ मोर्चा खोला और पुलिस को भट्ठियों की जानकारी दी। पुलिस ने छापेमारी कर सैकड़ों लीटर अर्द्धनिर्मित शराब और उपकरण नष्ट किए, जिससे धंधेबाजों में हड़कंप मच गया।

तुर्की के तेलिया में ग्रामीणों के साथ बैठक करते पुलिस पदाधिकारी l सौ. ग्रामीण
HighLights
महिलाओं ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ पुलिस को जानकारी दी।
पुलिस ने छापेमारी कर सैकड़ों लीटर अर्द्धनिर्मित शराब नष्ट की।
ग्रामीणों और पुलिस ने शराब मुक्त समाज बनाने का संकल्प लिया।
संवाद सहयोगी, कुढ़नी (मुजफ्फरपुर)। Muzaffarpur Liquor Raid: जिले के तुर्की थाना क्षेत्र के तेलिया गांव में बुधवार को शराब के अवैध कारोबार के खिलाफ महिलाओं ने मोर्चा खोल दिया।
महिलाओं ने गांव में चल रही देसी शराब की भट्ठियों के ठिकाने बताए, जिसके बाद पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर उन्हें ध्वस्त कर दिया। महिलाओं के सहयोग से हुई इस कार्रवाई के बाद इलाके के शराब धंधेबाजों में हड़कंप मच गया।
भागे धंधेबाज, नष्ट की शराब
तुर्की थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस टीम के गांव पहुंचते ही धंधेबाज मौके से फरार हो गए। इसके बाद पुलिस ने महिलाओं की ओर से बताए गए ठिकानों पर छापेमारी की।
इस दौरान सैकड़ों लीटर अर्द्धनिर्मित देसी शराब बरामद हुई, जिसे शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री के साथ मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। पुलिस ने प्लास्टिक के करीब एक दर्जन जार, गैस सिलिंडर और अन्य उपकरण भी जब्त किए।
महिलाओं ने संभाला मोर्चा
इस अभियान में गांव की महिलाओं ने अहम भूमिका निभाई। उन्होंने न सिर्फ शराब बनाने की भट्ठियों की जानकारी पुलिस को दी, बल्कि कार्रवाई के दौरान टीम के साथ खड़ी भी रहीं।
महिलाओं का कहना था कि शराब के कारण गांव के कई परिवार बर्बाद हो रहे हैं। ऐसे में अब वे इस अवैध कारोबार के खिलाफ चुप नहीं बैठेंगी।
पहले भी पकड़े गए थे धंधेबाज
इससे पहले केरमाडीह पंचायत के वार्ड संख्या 12 और 13 में भी ग्रामीणों ने करीब एक दर्जन शराब धंधेबाजों को पकड़कर सामान के साथ पुलिस को सौंपा था।
उस कार्रवाई के बाद कुछ दिनों तक शराब का धंधा बंद रहा, लेकिन बाद में फिर से भट्ठियां चालू हो गईं। ग्रामीणों के अनुसार, गांव में बनी कच्ची शराब पीने से अब तक आधा दर्जन युवाओं की मौत भी हो चुकी है।
ग्रामीणों से मांगा सहयोग
छापेमारी के बाद पुलिस ने ग्रामीणों के साथ बैठक की और उन्हें शराब से दूर रहने की अपील की। पुलिस ने लोगों से अवैध शराब के निर्माण और बिक्री में शामिल धंधेबाजों की सूचना देने का अनुरोध किया।
साथ ही भरोसा दिलाया कि सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। बैठक में महिलाओं ने शराब के खिलाफ अभियान को आगे भी मजबूती से जारी रखने का संकल्प लिया।
यह भी पढ़ें- 'सिर्फ शराबबंदी से नहीं रुक सकतीं जहरीली शराब की घटनाएं', सुप्रीम कोर्ट ने राज्यों सरकारों को सुझाए कई उपाय
तेलिया गांव में छापेमारी कर अर्द्धनिर्मित शराब और निर्माण सामग्री नष्ट की गई है। मौके से जार और गैस सिलिंडर समेत अन्य वस्तुएं जब्त की गई हैं। क्षेत्र में शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। धंधे में शामिल लोगों को चिह्नित कर उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अनिमेष चंद्र ज्ञानी, एसडीपीओ पश्चिमी-टू
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।