क्या आज गलनवाली ठंड से राहत मिलेगी? देखें, मुजफ्फरपुर का मौसम पूर्वानुमान
Weather Today Muzaffarpur पछिया हवा ने बढ़ाई कनकनी। पहाड़ों पर लगातार हो रही बर्फवारी के कारण मैदानी भागों में तापमान तेजी से नीचे गिर रहा है। अभी ठंड और बढ़ने की आशंका है। वैसे दिन में धून खिलने की संभावना है।
मुजफ्फरपुर, जासं। Weather in Muzaffarpur Today: पिछले दो दिनों से पछिया हवा की तेज गति ने जिला समेत पूरे उत्तर बिहार में ठंड को और बढ़ा दी है। आलम यह हो गया है कि लोग बारिश की परेशानी से बाहर निकले ताे अब फिर से ठंड कंपाने लगी है। हड्डी कंपा देनेवाली इस ठंड की असली वजह पहाड़ों पर हो रही बर्फवारी है। इस वजह से मैदानी भागों का तापमान तेजी से नीचे जा रहा है। मौसम विभाग की ओर से कहा गया है कि अभी ठंड से राहत मिलने की कोई भी संभावना नहीं है। यदि पछिया हवा के चलने की यही रफ्तार बरकरार रही तो रात में तापमान छह डिग्री तक जा सकता है। इसलिए कोरोना महामारी के बीच ठंड की इस मार से खुद को बचाकर रखने की जरूरत है।
मौसम में उतार-चढ़ाव के बीच हवा ने कनकनी बढ़ा दी है। दिन में निकल रही धूप ठंड के सामने बेमानी लग रही है। शाम ढलते ही ठंड का असर दिखने लगा। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म होने के बाद पहाड़ों की बर्फबारी ने मैदानी भाग को सिहरा दिया है। बर्फबारी के दौरान तेज पछिया हवा उत्तर बिहार के जिलों में कनकनी पैदा कर रही है। धूप जैसे ही गर्मी देती, पछिया हवा एकाएक तेज हो जाती व कनकनी पैदा कर रही थी। इसके कारण आने वाले दिनों में तापमान में और कमी आएगी और कनकनी महसूस होगी।
मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान 20 डिग्री के आसपास तो न्यनूतम तापमान आठ से 10 डिग्री के आसपास रहने की उम्मीद थी, लेकिन तेज पछिया हवा के कारण न्यूनतम व अधिकतम दोनों तापमान में गिरावट आने की संभावना है। पछिया की रफ्तार इसी तरह बनी रही, तो दो तीन दिन में न्यूनतम तापमान छह डिग्री के आसपास आ जाएगा। इसके बाद कनकनी में एकदम से बढ़ोतरी होगी और ठंड बढ़ेगी। विभाग के अनुसार दिन में हवा के बावजूद एकदम सुबह व देर रात कोहरे का असर रह सकता है, जिससे विजिबिलिटी घटेगी और वाहनों की रफ्तार को ब्रेक लगेगा। अगले तीन दिनों तक मौसम शुष्क रहेगा और हल्की से मध्यम धूप भी निकलती रहेगी।