Muzaffarpur Weather Forecast: आज तापमान में हो सकती है मामूली वृद्धि, जानिए मौसम का पूरा हाल
Muzaffarpur Weather Forecast ठंड ने न केवल जिले वरन पूरे उत्तर बिहार को अपनी चपेट में ले लिया है। हालांकि यह अभी आरंभिक दौर माना जा रहा है। आशंका है कि इसके बाद ठंड और बढेगी। हालांकि अभी इसके संकेत नहीं मिल रहे।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। Muzaffarpur Weather Forecast: जिले में मौसम ने धीरे-धीरे ही सही करवट ले ली है। ठंड ने न केवल जिले वरन पूरे उत्तर बिहार को अपनी चपेट में ले लिया है। हालांकि यह अभी आरंभिक दौर माना जा रहा है। आशंका है कि इसके बाद ठंड और बढेगी। हालांकि अभी इसके संकेत नहीं मिल रहे। मुजफ्फरपुर समेत पूरे राज्य में अभी उत्तर पश्चिम दिशा से हवा चल रही है। यही वजह है कि तापमान में तेजी से गिरावट देखने को मिलती है। खासकर न्यूनतम तापमान में। जहां तक मंगलवार के मौसम पूर्वानुमान का प्रश्न है तो आज से उत्तर पूर्व दिशा से हवा चलने का अनुमान है। इससे यह उम्मीद की जाती है कि न्यूनतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी होगी। हालांकि इस वजह से ठंड में कोई खास बदलाव नहीं देखने को मिलेगा।
हालांकि सोमवार का दिन अपेक्षाकृत शुष्क ही रहा। तापमान में लगातार गिरावट का क्रम जारी रहा। सुबह में कई जगहाें पर कुहासा का असर भी दिखा। दिन में धूप निकली, लेकिन शाम होने के साथ ही ठंड का असर दिखने लगा। लोग अब जल्द अपने अपने घरों में दुबक जा रहे हैं। डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा के अनुसार पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान में 1.5 डिग्री तो न्यूनतम तापमान में 4.5 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। यही वजह है कि पूरे उत्तर बिहार में तेजी से ठंड में इजाफा हो रहा है। बीते दो दिनों में कनकनी भी बढ़ गई है।
जहां तक खेती की बात है तो यह मौसम उसके अनुकूल माना जा रहा है। किसानों ने गेहूं की खेती आरंभ कर दी है। कुछ जगहों पर तो बुवाई का काम पूरा भी हो गया है। हालांकि लो लैंड में अभी यही काम चल रहा है। इसके साथ-साथ आलू व अन्य सब्जियों की खेती भी किसानों ने शुरू कर दी है। इसके लिए अभी सिंचाई की जरूरत है।