Muzaffarpur Weather: आज मौसम शुष्क रहने का अनुमान, हवा की दिशा भी बदलेगी
Muzaffarpur Weather रक्षाबंधन के दिन के लिए मौसम विभाग की ओर से बेहतर पूर्वानुमान जारी किया गया है। आज पूरे दिन मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। हालांकि हवा चलती रहेगी। इससे गर्मी का प्रभाव कुछ कम रहने की उम्मीद है।
मुजफ्फरपुर, जागरण संवाददाता। गुरुवार शाम की बारिश के बाद शुक्रवार की सुबह अपेक्षाकृत शुष्क है। एक्यूवेदर की ओर से जारी पूर्वानुमान में कहा गया है कि रक्षाबंधन के दिन आसमान में बादल छाए रहेंगे, लेकिन बारिश की संभावना नहीं के बराबर है। इसलिए पूरे दिन भाई-बहन को एक-दूसरे के यहां आने-जाने में परेशानी नहीं होगी। हवा की दिशा में आंशिक बदलाव हुआ है। पूर्व की जगह अब हवा पूर्व और दक्षिण दिशा से चल रही है। आज का अधिकतम तापमान 36 डिग्री रहने का अनुमान है।
उत्तर बिहार के जिलों में अगले कुछ दिनों तक आसमान में हल्के से मध्यम बादल छाए रह सकते हैं। हालांकि अच्छी वर्षा की संभावना नहीं है। इस दौरान कहीं-कहीं हल्की वर्षा हो सकती है। समस्तीपुर जिले में सोमवार को सुबह से ही आसमान में हल्की बादल के बीच धूप निकली है। डा. राजेन्द्र प्रसाद केन्द्रीय कृषि विश्वविद्यालय पूसा के मौसम वैज्ञानिक डा. ए सत्तार ने कहा कि इस अवधि में उत्तर बिहार के जिलों में हल्के से मध्यम बादल देखे जा सकते हैं। हालांकि अधिकतर स्थानों पर मौसम के शुष्क रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग के अनुसार इस अवधि में अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। जबकि न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रहने का अनुमान है। पूर्वानुमानित अवधि में पुरवा हवा चलने का अनुमान है। औसतन 8 से 10 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है। सापेक्ष आद्रता सुबह में 80 से 90 प्रतिशत तथा दोपहर में 55 से 65 प्रतिशत रहने की संभावना है।