मुजफ्फरपुर के खाद गोदाम में डकैती का विरोध करने पर हुई गार्ड की हत्या, 2 गिरफ्तार
Guard Murder Case Muzaffarpur: मुजफ्फरपुर के बेला थाना क्षेत्र में खाद गोदाम में गार्ड की हत्या कर खाद लूटने के ...और पढ़ें

HighLights
मुजफ्फरपुर खाद गोदाम गार्ड हत्याकांड का पुलिस ने किया खुलासा।
वारदात में शामिल दो मुख्य आरोपियों को पुलिस ने दबोचा।
लूटी गई 338 बोरी खाद और वारदात में प्रयुक्त ट्रक बरामद।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। Muzaffarpur Crime News: जिले के बेला थाना क्षेत्र स्थित निजी कंपनी के खाद और सीमेंट गोदाम में 10 सितंबर की रात गार्ड शिवनारायण भगत की हत्या कर खाद लूटने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है।
दो आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने इस आपराधिक वारदात में शामिल दो आरोपियों को धर दबोचा है। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर डकैती में इस्तेमाल किया गया ट्रक और लूटी गई 338 बोरी खाद बरामद कर ली गई है।
विशेष टीम का गठन
वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कांतेश कुमार मिश्रा ने बताया कि वारदात के बाद एफएसएल टीम ने साक्ष्य संकलित किए थे। मृतक की पत्नी के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर विशेष जांच टीम का गठन किया गया था।
ट्रक चालक दबोचा गया
विशेष जांच टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने और तकनीकी व मानवीय सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई की। पुलिस ने सबसे पहले ट्रक चालक फकुली निवासी अर्जुन कुमार को गिरफ्तार किया, जिसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल ट्रक जब्त हुआ।
बस स्टैंड से गिरफ्तारी
पूछताछ के आधार पर पुलिस ने मुख्य साजिशकर्ता के करीबी कुढ़नी निवासी दीपक कुमार को अहियापुर के बैरिया बस स्टैंड के पास से गिरफ्तार किया। दोनों की निशानदेही पर पूर्वी चंपारण के ईंट-भट्ठे से लूटी गई खाद बरामद हुई।
अपराध स्वीकार किया
एसएसपी के अनुसार आरोपियों ने स्वीकार किया है कि विरोध करने पर उन्होंने सुरक्षा गार्ड की हत्या की थी। गिरफ्तार दीपक कुमार का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है, जबकि बाकी फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।
