विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

समस्तीपुर के वैभव के छक्कों के बाद अब मुजफ्फरपुर के वासुदेव की गेंदबाजी पर नजर, रणजी टीम में चयन

Published: Fri, 30 Oct 2026 04:17 PM (IST)

मुजफ्फरपुर के मध्यम तेज गेंदबाज वासुदेव प्रसाद सिंह का चयन बिहार रणजी टीम में हुआ है। वे 2 से 5 ...और पढ़ें

गेंदबाज मुजफ्फरपुर के वासुदेव प्रसाद सिंह। फाइल फोटो

गेंदबाज मुजफ्फरपुर के वासुदेव प्रसाद सिंह। फाइल फोटो

HighLights

  1. मुजफ्फरपुर के वासुदेव प्रसाद सिंह का बिहार रणजी टीम में चयन।

  2. गोवा के खिलाफ 2 से 5 नवंबर तक खेलेंगे रणजी मुकाबला।

  3. अंडर-16 से रणजी तक का सफर, एमआरएफ में प्रशिक्षण।

जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर । बिहार के क्रिकेट जगत में इन दिनों युवा खिलाड़ियों का जलवा देखने को मिल रहा है। बल्लेबाजी में समस्तीपुर के वैभव सूर्यवंशी अपनी प्रतिभा से देश-दुनिया में पहचान बना रहे हैं, तो अब गेंदबाजी में मुजफ्फरपुर के वासुदेव प्रसाद सिंह अपनी रफ्तार से छाप छोड़ने को तैयार हैं।

जिले के मध्यम तेज गति के गेंदबाज वासुदेव का चयन बिहार रणजी टीम में हुआ है। वह दो से पांच नवंबर तक गोवा के पणजी में होने वाले मुकाबले में बिहार की ओर से गेंदबाजी करते नजर आएंगे। उनके चयन से जिले के क्रिकेट प्रेमियों में खुशी है। अब सबकी निगाहें रणजी मुकाबले में उनके प्रदर्शन पर टिकी हैं।

अंडर-16 से रणजी तक का सफर

वासुदेव प्रसाद सिंह ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर यह मुकाम हासिल किया है। वह अंडर-16, अंडर-19 और अंडर-23 क्रिकेट प्रतियोगिताओं में बिहार का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। इन आयु वर्गों में खेलने के अनुभव ने उन्हें बेहतर गेंदबाज के रूप में तैयार किया है। अब रणजी टीम में चयन उनके क्रिकेट करियर के लिए अहम उपलब्धि है।

पांच विकेट लेकर बटोरी थी सुर्खियां

वासुदेव अपनी गेंदबाजी का दम पहले भी दिखा चुके हैं। कर्नल सीके नायडू ट्राफी में मणिपुर के खिलाफ मुकाबले में उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए पांच विकेट झटके थे। इस प्रदर्शन से उनकी गेंदबाजी क्षमता का पता चला। दाएं हाथ के गेंदबाज वासुदेव मुजफ्फरपुर की वासुदेव क्रिकेट एकेडमी से जुड़े हैं।

एमआरएफ पेस फाउंडेशन में भी मिला प्रशिक्षण

जुलाई 2026 में वासुदेव को एमआरएफ पेस फाउंडेशन और क्रिकेट आस्ट्रेलिया के विशेष एक्सचेंज प्रोग्राम के तहत उच्च स्तरीय प्रशिक्षण के लिए चुना गया था। पूरे भारत से चयनित चुनिंदा गेंदबाजों में शामिल होना उनके लिए बड़ी उपलब्धि रही।

कोच और वरिष्ठ खिलाड़ियों ने दी बधाई

वासुदेव के रणजी टीम में चयन पर उनके कोच दिनेश कुमार और वरिष्ठ खिलाड़ी उत्पल रंजन ने बधाई दी है। जिले के क्रिकेट प्रेमियों को उम्मीद है कि वासुदेव गोवा के खिलाफ अपनी धारदार गेंदबाजी से बिहार टीम के लिए महत्वपूर्ण योगदान देंगे और मुजफ्फरपुर का नाम रोशन करेंगे।

यह भी पढ़ें- वैभव सूर्यवंशी के चौके-छक्कों पर झूमा बिहार, ओपनिंग करने उतरे समस्तीपुर के लाल ने बना दिया माहौल