मुजफ्फपुर में उपेन्द्र की मौत का राज क्या? दूसरी पत्नी गिरफ्तार, अब रिपोर्ट पर टिकी नजर
मुजफ्फरपुर में राजमिस्त्री उपेन्द्र पासवान की मौत के मामले में उसकी दूसरी पत्नी कामनी देवी को पुलिस ने मड़बन रोड ...और पढ़ें

पुलिस की गिरफ्त में महिला।
केशव कुमार, मुजफ्फरपुर। उपेन्द्र पासवान की मौत के बाद उसके घर से उसकी दूसरी पत्नी कामनी देवी अपने दो बच्चों के साथ फरार हो गई। पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी थी।
मायके से निकलकर वह नया ठिकाना तलाश रही थी, इसी बीच पुलिस ने उसके मड़बन में होने का सुराग लगा लिया। त्वरित कार्रवाई करते हुए टीम ने करजा थाना क्षेत्र के मड़बन रोड से कामनी देवी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद रविवार को उसे जेल भेज दिया गया।

मड़बन से हुई गिरफ्तारी
अहियापुर थाना क्षेत्र के बैरिया चाणक्यपुरी रोड नंबर छह स्थित शिवशंकर सिंह के मकान में उपेन्द्र पासवान की मौत हुई थी। मामले में मृतक की मां शकुंती देवी के आवेदन पर अहियापुर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
इसमें उपेन्द्र की दूसरी पत्नी कामनी देवी को आरोपित बनाया गया था। गिरफ्तारी के लिए एसएसपी के निर्देश पर नगर-2 एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
तकनीकी सूचना से मिला सुराग
विशेष टीम में अहियापुर थानाध्यक्ष और जांच अधिकारी एसआइ संदीप कुमार शामिल थे। पुलिस को मानवीय एवं तकनीकी सूचना के आधार पर कामनी देवी के मड़बन में होने की जानकारी मिली। इसके बाद टीम ने मड़बन रोड पर कार्रवाई कर उसे गिरफ्तार कर लिया। कामनी का मायका सरैया थाना क्षेत्र के बहिलवारा में है।
आपसी विवाद में फांसी की बात
सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच और गिरफ्तार आरोपित के बयान के आधार पर आपसी विवाद में फांसी लगाने से मौत होने की बात सामने आई है। हालांकि पुलिस अभी मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगी वजह
पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम और एफएसएल जांच रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत का स्पष्ट कारण सामने आ सकेगा। मामले में अग्रतर अनुसंधान जारी है। गिरफ्तार कामनी देवी के आपराधिक इतिहास का भी पुलिस पता लगा रही है।
