विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुजफ्फरपुर में रिश्वतखोर दारोगा बर्खास्त, डीआईजी ने की कड़ी कार्रवाई

By Sanjeev kumarEdited By: Dharmendra Singh
Published: Thu, 26 Nov 2026 05:48 PM (IST)

मुजफ्फरपुर में रिश्वत लेते पकड़े गए दारोगा अरुणंजय कुमार को करीब 10 साल बाद सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। डीआईजी चंदन कुमार कुशवाहा ने भ्रष्टाचार में संलिप्त ऐसे पुलिसकर्मियों के लिए विभाग में कोई जगह न होने की बात कही।

भ्रष्टाचार में संलिप्त दारोगा बर्खास्त (फोटो-प्रतीकात्मक)

भ्रष्टाचार में संलिप्त दारोगा बर्खास्त (फोटो-प्रतीकात्मक)

HighLights

  1. दारोगा अरुणंजय कुमार को रिश्वत लेने पर सेवा से बर्खास्त किया गया।

  2. 2016 में 10 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़े गए थे।

  3. डीआईजी ने भ्रष्टाचार में संलिप्त पुलिसकर्मियों पर सख्त कार्रवाई की।

संजीव कुमार, मुजफ्फरपुर । वर्दी पहनकर जनता की सेवा और सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाने वाले दारोगा को रिश्वत लेना भारी पड़ गया। एक महिला से 10 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़े गए दारोगा अरुणंजय कुमार को आखिरकार पुलिस विभाग से बर्खास्त कर दिया गया है।

वर्ष 2016 में हुई इस गिरफ्तारी के करीब 10 साल बाद डीआईजी ने उनके खिलाफ यह बड़ी कार्रवाई की है। तत्कालीन मुजफ्फरपुर जिलाबल और वर्तमान में मधेपुरा जिलाबल में तैनात दारोगा को 26 नवंबर से सेवा से बर्खास्त किया गया है।

महिला की शिकायत पर हुई थी कार्रवाई

गन्नीपुर के चतुर्भुज ठाकुर मार्ग निवासी रीता तिवारी ने दारोगा के खिलाफ पटना स्थित निगरानी अन्वेषण ब्यूरो में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में भ्रष्टाचार और रिश्वत मांगने का आरोप लगाया गया था।

निगरानी ब्यूरो ने शिकायत का सत्यापन कराया तो आरोप सही पाए गए। इसके बाद वर्ष 2016 में निगरानी थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई। इसमें काजीमुहम्मदपुर थाने में तैनात दारोगा अरुणंजय कुमार को आरोपित बनाया गया।

छाता चौक के पास 10 हजार लेते दबोचे गए

19 सितंबर 2016 को निगरानी की धावा दल ने दारोगा को पकड़ने के लिए जाल बिछाया। काजीमुहम्मदपुर थाने के मुख्य द्वार के बाहर छाता चौक के पास महिला से 10 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए उन्हें रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया गया। इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में भी मामला चर्चा का विषय बना था।

विभागीय जांच में भी दोषी मिले

गिरफ्तारी के बाद दारोगा के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई शुरू की गई। जांच के संचालन पदाधिकारी के रूप में पुलिस उपाधीक्षक (पश्चिमी), मुजफ्फरपुर को जिम्मेदारी सौंपी गई।

विभागीय जांच पूरी होने के बाद संचालन पदाधिकारी ने दारोगा अरुणंजय कुमार को आरोपों में दोषी पाया। इसके बाद वरीय पुलिस अधीक्षक, मुजफ्फरपुर ने जांच के निष्कर्ष से सहमत होते हुए दंड अधिरोपित करने के लिए संचिका डीआईजी, तिरहुत क्षेत्र को भेज दी।

डीआईजी ने कहा, ऐसे पुलिसकर्मी के लिए विभाग में जगह नहीं

डीआईजी चंदन कुमार कुशवाहा ने कहा कि पुलिस विभाग एक अनुशासित संगठन है। भ्रष्टाचार में संलिप्त पुलिस पदाधिकारी के विभाग में बने रहने से आम लोगों के साथ-साथ संगठन के अन्य पुलिसकर्मियों पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। ऐसे भ्रष्ट पुलिस पदाधिकारी के पुलिस विभाग में बने रहने का कोई औचित्य नहीं है।

26 नवंबर से सेवा समाप्त

डीआईजी ने मामले की गहन समीक्षा और विभागीय जांच के निष्कर्ष से सहमत होने के बाद दारोगा अरुणंजय कुमार को तत्काल प्रभाव से 26 नवंबर से सेवा से बर्खास्त करने का आदेश जारी कर दिया। इस तरह वर्ष 2016 के रिश्वतखोरी मामले में करीब एक दशक बाद दारोगा पर विभाग की ओर से बड़ी कार्रवाई हुई है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।