विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुजफ्फरपुर में करंट से झुलसी छात्रा का समुचित इलाज का वादा, पहले हाथ कटा अब नौबत चौथे आपरेशन की

Published: Tue, 10 Nov 2026 11:08 PM (IST)

मुजफ्फरपुर के मुशहरी स्कूल में हाईटेंशन तार से झुलसी सातवीं की छात्रा संध्या कुमारी की हालत गंभीर बनी हुई है, ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

HighLights

  1. सातवीं की छात्रा हाईटेंशन तार की चपेट में आई।

  2. छात्रा का एक हाथ काटा गया, हालत गंभीर।

  3. डीईओ, प्राचार्य समेत चार पर प्राथमिकी दर्ज।

जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। मुशहरी के राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय की छात्राओं के करंट से झुलसने में पहले लापरवाही और अब असंवेदनशीलता  सामने आ रही है। घटना के बाद हंगामा पर समुचित इलाज का वादा करने की जिम्मेदारी लेने वाले अब सामने नहीं आ रहे हैं।

स्थिति यह है कि गंभीर रूप से जख्मी सातवीं की छात्रा संध्या कुमारी की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। पहले उसका एक हाथ काटा जा चुका है। हालत में सुधार नहीं होने पर कटे हाथ की तीन सर्जरी भी हो चुकी है।

अब नौबत चौथी की आ गई है। स्वजन चाह रहे कि संध्या को पटना रेफर कर दिया जाए, ताकि उसका सही इलाज हो सके। बुधवार को उसे पटना भेजे जाने की संभावना है।

बर्न एंड प्लास्टिक सर्जरी विभाग में डा. राधा रमण ने बताया कि बिजली के गंभीर झटकों में अनेकों बार सर्जरी की जरूरत होती है। अक्सर शुरुआती कुछ दिनों में प्रारंभिक सर्जिकल डीब्रिडमेंट या फ्री-फ्लैप कवर किया जाता है, ताकि अंदरूनी ऊतकों को बचाया जा सके। इसके बाद माइक्रोवैस्कुलर सर्जरी फिर स्किन ग्राफ्टिंग की जाती है।

कई मामलों में घाव की स्थिति के अनुसार कई बार सर्जरी की जरूरत पड़ती है। डा. रमण ने बताया कि छात्रा की हड्डियों में बार-बार इंफेक्शन हो जा रहा है। घाव भरने में समय लग रहा है।

स्वजन मेडिकल ट्रीटमेंट को समझ नहीं पा रहें हैं। उन्हें सलाह देने वाले अनेकों लोग भ्रमित कर रहे हैं। स्वजन छात्रा को अब पटना ले जाना चाह रहे हैं। मालूम हो कि कि छात्रा संध्या कुमारी के पिता राजकुमार गुप्ता के आवेदन पर घटना के एक माह बाद अहियापुर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

इसमें जिला शिक्षा पदाधिकारी के अलावा स्कूल के प्रधानाध्यापक आनंद कुमार, हेडमास्टर पांडव राय और एनबीपीडीसीएल के संबंधित अधिकारियों तथा कर्मियों को आरोपित किया गया है। स्वजन का आरोप है कि स्कूल के ऊपर से गुजर रहे खतरनाक हाईटेंशन तार को लेकर लापरवाही बरती गई थी। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

थानाध्यक्ष मुन्ना गुप्ता का कहना है कि पूरे मामले की वैज्ञानिक और तकनीकी पहलुओं से बारीकी से जांच की जा रही है। यह भी खंगाला जा रहा है कि स्कूल भवन के ऊपर से हाईटेंशन तार गुजरने के बावजूद विभाग और स्कूल प्रबंधन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम क्यों नहीं किए गए थे। जो भी दोषी होंगे उनपर कार्रवाई की जाएगी।

विदित हो कि नौ अक्टूबर की सुबह करीब साढ़े नौ बजे राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय की सातवीं कक्षा की 13 वर्षीय छात्रा संध्या स्कूल में टिफिन के समय अन्य बच्चों के साथ छत पर गई थी।

इसी दौरान वह स्कूल की छत के बिल्कुल पास से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आ गई। इस हादसे में वह गंभीर रूप से झुलस गई। उसे बचाने की कोशिश में कुछ अन्य छात्राएं भी करंट की चपेट में आकर आंशिक रूप से जख्मी हो गई थीं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।