मुजफ्फरपुर में बिजली बिल से राहत के लिए बढ़े कदम, गली-मोहल्लों तक पहुंचा सोलर कैंप
मुजफ्फरपुर में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत सोलर लगाने के लिए जागरूकता कैंप आयोजित किए गए। इन ...और पढ़ें

मुजफ्फरपुर में, गली-मोहल्लों में पहुंचा सोलर का कैंप।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। बिजली बिल में राहत और घर की छत से बिजली उत्पादन की उम्मीद के साथ शहर में सोलर लगाने को लेकर लोगों की दिलचस्पी बढ़ रही है।
प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को गली-मुहल्लों तक पहुंचाने के लिए रविवार को विभिन्न विद्युत सेक्शनों में जागरूकता कैंप लगाए गए।
बिजली कर्मियों ने उपभोक्ताओं से फोन पर संपर्क कर उन्हें योजना की जानकारी दी और कैंप में पहुंचकर आवेदन करने के लिए प्रेरित किया। चार सेक्शनों में 136 उपभोक्ता पहुंचे, जिनमें 58 ने मौके पर ही सोलर लगाने के लिए आवेदन कर दिया।
बैरिया में सबसे अधिक आवेदन
बैरिया सेक्शन में सबसे अधिक 48 उपभोक्ता कैंप में पहुंचे। इनमें 20 ने आवेदन किया। एसकेएमसीएच सेक्शन में 35 में से 16, बोचहां में 32 में से 12 और झपहां में 21 में से 10 उपभोक्ताओं ने आवेदन दिया। कैंप में पहुंचे करीब 43 प्रतिशत उपभोक्ताओं ने सोलर लगाने में रुचि दिखाई।
122 आवेदन, 93 ने चुना वेंडर
विभागीय आंकड़ों के अनुसार अब तक योजना के तहत 122 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें 93 उपभोक्ताओं ने वेंडर का चयन भी कर लिया है। हालांकि, अब तक किसी भी उपभोक्ता के साथ समझौता (एग्रीमेंट) नहीं हुआ है। मिस्काट सेक्शन में 21 आवेदन हुए, लेकिन अभी तक किसी ने वेंडर का चयन नहीं किया है।
60 हजार उपभोक्ताओं के लिए अहम
विद्युत अधीक्षण अभियंता पंकज राजेश और कार्यपालक अभियंता विजय कुमार ने विभिन्न कैंपों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने कर्मियों को योजना का अधिक प्रचार-प्रसार करने का निर्देश दिया। अधीक्षण अभियंता ने बताया कि शहर में करीब 60 हजार उपभोक्ताओं की बिजली खपत 300 यूनिट या इससे अधिक है। ऐसे उपभोक्ताओं के लिए घर पर सोलर लगाना महत्वपूर्ण है।
छह प्रतिशत ब्याज पर ऋण
योजना के तहत सोलर लगाने के लिए ऋण लेने पर छह प्रतिशत ब्याज देना होगा। अधिकारियों ने उपभोक्ताओं को योजना का लाभ लेने के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि धोखाधड़ी करने वाली एजेंसियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। ऐसी एजेंसियों को ब्लैकलिस्ट करने के साथ प्राथमिकी भी दर्ज कराई जाएगी।
