बिजली खर्च घटाने की पहल, छत पर सोलर लगवाने का मौका, दरभंगा में 4 हजार नए आवेदन का लक्ष्य
दरभंगा में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत छत पर सोलर प्लांट लगाने के लिए 3,000 से 4,000 नए आवेदन प्राप्त करने का लक्ष्य रखा गया है।

फार्मर रजिस्ट्रेशन आइडी की समीक्षा बैठक करते डीएम कौशल कुमार। सौ. आईपीआरडी
HighLights
दरभंगा में 4000 नए सोलर प्लांट आवेदन का लक्ष्य।
वार्ड-वार कैंप लगाकर उपभोक्ताओं से आवेदन लिए जाएंगे।
लंबित बैंक ऋण आवेदनों का शीघ्र निष्पादन करने पर जोर।
जागरण संवाददाता, दरभंगा। बिजली के बढ़ते खर्च से राहत पाने के लिए घर की छत पर सोलर प्लांट लगाने की योजना को जिले में गति देने की तैयारी है।
प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत इस माह 3,000 से 4,000 नए आवेदन प्राप्त करने का लक्ष्य तय किया गया है। इसके लिए बिजली विभाग की टीम वार्ड-वार कैंप लगाकर इच्छुक उपभोक्ताओं से मौके पर ही आवेदन लेगी। बैंकों में लंबित ऋण आवेदनों के जल्द निष्पादन पर भी जोर दिया गया है।
लंबित ऋण आवेदनों का जल्द हो निष्पादन
समाहरणालय स्थित सभागार में मंगलवार को जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में योजना के क्रियान्वयन की समीक्षा बैठक हुई।
इसमें जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग, बैंक पदाधिकारियों और अधिकृत वेंडरों को आपसी समन्वय से योजना का प्रचार-प्रसार करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक पात्र उपभोक्ताओं को योजना से जोड़ा जाए।
जिलाधिकारी ने बैंकों के पास लंबित 197 ऋण आवेदनों का जल्द निष्पादन करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि आवेदनों को अनावश्यक रूप से अस्वीकृत न किया जाए। यदि कोई आवेदन निरस्त होता है, तो वेंडर आवेदक से समन्वय बनाकर कमियों में सुधार कराते हुए दोबारा आवेदन दाखिल करवाएं।
हर अभियंता पहचानेंगे 100 इच्छुक उपभोक्ता
योजना को गति देने के लिए प्रत्येक सहायक और कनीय विद्युत अभियंता को कम से कम 100 इच्छुक उपभोक्ताओं की पहचान करने का निर्देश दिया गया है। इसके बाद वार्ड-वार कैंप लगाकर मौके पर ही आवेदन प्राप्त किए जाएंगे। इससे उपभोक्ताओं को आवेदन की प्रक्रिया समझने और जरूरी कागजात जमा करने में सुविधा होगी।
नगर निगम क्षेत्र में चलेगा विशेष अभियान
बैठक में नगर निगम क्षेत्र में विशेष अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया। स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि सहित अन्य विभागों के कर्मियों को अपने घरों में रूफटाप सोलर संयंत्र लगाने के लिए प्रेरित करने का निर्देश दिया गया। अधिकारियों से कहा गया कि वे योजना के लाभ और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी लोगों तक पहुंचाएं।
बैठक में नगर आयुक्त गरिमा लोहिया, सहायक समाहर्ता कल्पना रावत, अधीक्षण अभियंता अजय कुमार, कार्यपालक अभियंता विकास कुमार, केशव कुमार, अमोद कुमार, एलडीएम, विभिन्न बैंकों के अधिकारी और अधिकृत वेंडर मौजूद थे।
