मुजफ्फरपुर में छिनतई गिरोह के दो शातिर गिरफ्तार, भारी मात्रा में हथियार बरामद
मुजफ्फरपुर पुलिस ने छिनतई गिरोह के दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है, जो काजीमोहम्मदपुर और मिठनपुरा थाना क्षेत्रों में सक्रिय ...और पढ़ें

सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने प्रेस कान्फ्रेंस में इसकी जानकारी दी।
संजीव कुमार, मुजफ्फरपुर। Muzaffarpur Snatching Gang: काजीमोहम्मदपुर एवं मिठनपुरा थाना क्षेत्र में छिनतई की घटनाओं में शामिल दो बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने प्रेस कान्फ्रेंस में इसकी जानकारी दी। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मो. गोहर अली उर्फ गब्बर, थाना मनियारी और विकास कुमार, थाना कच्ची पक्की ओपी, दोनों जिला मुजफ्फरपुर के रूप में हुई है।
हथियार समेत सामान जब्त
पुलिस ने बदमाशों के पास से दो देसी कट्टा, दो देसी पिस्टल और 12 कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा चार मैगजीन, एक मोटरसाइकिल, छह मोबाइल और दो चाकू समेत अन्य धारदार हथियार जब्त किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, दोनों काजीमोहम्मदपुर एवं मिठनपुरा थाना क्षेत्र में हुई चेन छिनतई की घटनाओं में शामिल थे।
सीसीटीवी से मिला सुराग
पुलिस के अनुसार, दोनों थाना क्षेत्रों में अज्ञात अपराधियों द्वारा चेन छिनतई की घटना की सूचना मिली थी। सूचना के बाद थाना पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन कर जांच-पड़ताल शुरू की। इसके बाद काजीमोहम्मदपुर और मिठनपुरा थाने में मामले दर्ज किए गए।
गठित टीम ने की कार्रवाई
कांड की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, मुजफ्फरपुर के निर्देशन और पुलिस अधीक्षक, नगर के अनुश्रवण में टीम गठित की गई।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, नगर-01 के नेतृत्व में गठित टीम में जिला आसूचना इकाई और संबंधित थानाध्यक्षों को भी शामिल किया गया। टीम लगातार आसूचना संकलन और तकनीकी बिंदुओं पर जांच कर रही थी।
कई बदमाशों की पहचान
इसी क्रम में पुलिस ने घटना में संलिप्त दोनों आरोपितों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में कई और बदमाशों की पहचान हुई है। उनकी तलाश में छापेमारी की जा रही है और मामले में अग्रतर कार्रवाई जारी है।
