विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुजफ्फरपुर में अब राजस्व अभिलेखागार में खोजा जाएगा वर्ष 1971-72 का स्टांप बिक्री रजिस्टर

By Babul Deep Edited By: Dharmendra Singh
Published: Tue, 27 Jan 2026 09:38 PM (GMT+05:30)

मुजफ्फरपुर में 1971-72 का स्टांप बिक्री रजिस्टर कोषागार में नहीं मिलने के बाद अब राजस्व अभिलेखागार में खोजा जाएगा। डीएम के निर्देश पर भू-अर्जन पदाधिकारी ने तीन सदस्यीय जांच दल बनाया है। राजकुमार सर्राफ की शिकायत पर यह कार्रवाई हो रही है, जिसमें बड़ी अनियमितता की आशंका जताई गई है। पिछली खोजबीन में भी रजिस्टर नहीं मिला था, जिसके बाद अब वीडियोग्राफी के साथ अभिलेखागार में तलाश की जाएगी।

यह तस्वीर जागरण आर्काइव से ली गई है।

यह तस्वीर जागरण आर्काइव से ली गई है।

जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर । वर्ष 1971-72 का स्टांप बिक्री रजिस्टर कोषागार में नहीं मिला। अब इसकी खोज राजस्व अभिलेखागार में की जाएगी। डीएम के निर्देश पर जिला भू-अर्जन पदाधिकारी ने तीन सदस्यीय जांच दल गठित किया है।

इसमें अभिलेखागार, राजस्व प्रशाखा व कोषागार कार्यालय के लिपिक को शामिल किया गया है। इन सभी को शीघ्र अभिलेखागार में उक्त रजिस्टर की खोज कर रिपोर्ट देने को कहा है। इस पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी।

विदित हो कि राजकुमार सर्राफ की ओर से पिछले वर्ष इसकी शिकायत डीएम से की गई थी। बताया गया था कि वर्ष 1971-72 का स्टांप बिक्री रजिस्टर कोषागार से गायब है।

यह किसी बड़ी अनियमितता की आशंका है। इसे लेकर उस समय तीन सदस्यीय टीम गठित की गई थी। कोषागार में खोजबीन की गई। पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई गई। दिनभर चली खोज के बाद भी उक्त वर्ष के स्टांप बिक्री रजिस्टर से संबंधित साक्ष्य नहीं मिला।

इसकी रिपोर्ट डीएम को भेजी गई थी। बताया गया कि कोषागार कार्यालय भवन का कई बार स्थानांतरण हुआ था। इससे कागजात के नष्ट होने की संभावना है, लेकिन इससे पूर्व व बाद के सभी रिकार्ड संरक्षित पाए गए थे।

इस पर डीएम ने राजस्व अभिलेखागार में संबंधित वर्ष का रजिस्टर खोजने का निर्देश दिया था। इसपर फिर से जांच दल गठित किया गया है। जिला भू-अर्जन पदाधिकारी ने जांच टीम में शामिल सदस्यों को आपस में समन्वय बना अविलंब रजिस्टर की खोज करने को कहा है ताकि इसकी रिपोर्ट डीएम को दी जा सके।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।