विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Bihar News: 414 विद्यालय रडार पर, मुजफ्फरपुर में सुविधाओं का होगा आकलन

By Prashant Kumar Edited By: Dharmendra Singh
Published: Tue, 27 Jan 2026 10:13 PM (IST)

मुजफ्फरपुर के 414 विद्यालयों में बुनियादी सुविधाओं का 'साक्षी स्कूल असेसमेंट' के तहत मूल्यांकन होगा। निदेशालय के निर्देश पर जिला शिक्षा विभाग ने सभी चिह्नित विद्यालयों को 24 घंटे में ऑनलाइन रिपोर्ट दर्ज करने को कहा है। पिरामल फाउंडेशन द्वारा यह प्रक्रिया की जा रही है, जिसमें आईसीटी लैब, स्मार्ट क्लास, विज्ञान प्रयोगशाला, शिक्षकों की उपलब्धता सहित कई इंडिकेटर शामिल हैं। इसका उद्देश्य कमियों को पहचान कर दूर करना है।

यह तस्वीर जागरण आर्काइव से ली गई है।

यह तस्वीर जागरण आर्काइव से ली गई है।

HighLights

  1. मुजफ्फरपुर के 414 स्कूलों में सुविधाओं का मूल्यांकन।

  2. 'साक्षी स्कूल असेसमेंट' के तहत ऑनलाइन रिपोर्ट दर्ज होगी।

  3. आईसीटी लैब, स्मार्ट क्लास, विज्ञान लैब की जांच।

जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर । मुजफ्फरपुर जिले के 414 विद्यालयों में उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं का मूल्यांकन होगा। साक्षी स्कूल असेसमेंट के तहत विद्यालयों की ओर से समस्याओं की रिपोर्ट आनलाइन दर्ज करनी होगी। इसके बाद उनका निराकरण रिपोर्ट के आधार पर किया जाना है।

निदेशालय की ओर से दिए गए निर्देश के आधार पर जिला शिक्षा विभाग ने सभी चिह्नित विद्यालयों को निर्देश जारी किया है। डीपीओ माध्यमिक अलका सहाय ने मंगलवार को सभी विद्यालयों के एचएम को इसकी जानकारी दी है। कहा गया कि स्कूल असेसमेंट के लिए दी जाने वाली जानकारी की गति धीमी है। उन्होंने 24 घंटे के भीतर इसे पूरा करने निर्देश दिया।

पिरामल फाउंडेशन की ओर से स्कूल असेसमेंट की प्रक्रिया होनी है। बताया गया है कि इसमें नौंवी से 12वीं और छठी से 12वीं तक कुल दो कैटेगरी के विद्यालय शामिल हैं। साक्षी स्कूल असेसमेंट से विद्यालयों की प्रोफाइल तैयार की जा रही है। इसमें विद्यालय में विद्यार्थियों व शिक्षकों की संख्या बतानी है।

एप में विद्यालय के लाइव लोकेशन के साथ ही फोटो अपलोड करनी है। इसमें अन्य कई इंडिकेटर को शामिल किया गया है जिसमें आइसीटी लैब की स्थिति, स्मार्ट क्लास, एक्सट्रा करिकुलर एक्टिविटीज से लेकर साइंस लैब की सुविधा व स्वास्थ्य की सुविधाएं शामिल हैं। सभी एचएम को लागइन करते हुए विद्यालय से जुड़ी सभी जानकारी उपलब्ध करानी है।

कहां शिक्षक नहीं और कहां लैब मिलेगी जानकारी

पिरामल फाउंडेशन की सदस्य अनामिका ने बताया मूल्यांकन प्रक्रिया से जानकारी मिलेगी किस विद्यालय में साइंस लैब नहीं है और कहां-कहां इसके लिए सामग्री मिलने के बाद भी इसे इंस्टाल नहीं किया गया है। कहां संचालन नहीं हो रहा और आइसीटी लैब में कंप्यूटर नहीं लगाया गया है।

मैपिंग के बाद इसकी जानकारी मिलेगी। निदेशालय स्तर से कमियों को दूर किया जाना है। मैपिंग के दौरान बताना होगा कि विद्यालय में कंप्यूटर की संख्या कितनी है, वर्तमान में संचालित कंप्यूटर की संख्या, कंप्यूटर शिक्षकों की उपलब्धता, साइंस लैब की वर्तमान स्थिति की तस्वीर, आइसीटी लैब में इंटरनेट की स्पीड का विवरण, भौतिकी, रसायनशास्त्र व जीव विज्ञान में कुशल शिक्षकों की उपलब्धता, शारीरिक प्रशिक्षण कक्ष, व्यायामशाला, संगीत कक्ष, पुस्तकालय व व्यावसायिक और कौशल शिक्षा कक्ष, विद्यालयों में प्राथमिक उपचार की पेटी की उपलब्धता, सेनेटरी पैड वितरण व निस्तारण की सुविधा समेत अन्य जानकारी दर्ज करनी होगी। स्मार्ट क्लास के लिए स्मार्ट टीवी की उपलब्धता, इंटरनेट की गति की जानकारी भी देनी होगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।