मुजफ्फरपुर में 50 लाख की रंगदारी के लिए फायरिंग करने वाले बदमाशों की तलाश में कई जगह छापेमारी
मुजफ्फरपुर के कांटी स्थित एक निजी विद्यालय से 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगने और फायरिंग करने के मामले में ...और पढ़ें

मामले में पुलिस ने तुर्की इलाके से अमन रंजन को गिरफ्तार किया था।
संजीव कुमार, मुजफ्फरपुर। Muzaffarpur Extortion Case: मुजफ्फरपुर के कांटी स्थित निजी विद्यालय से 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगने और अंधाधुंध फायरिंग करने के मामले में फरार आरोपितों की तलाश तेज कर दी गई है। मंगलवार देर रात पुलिस ने कई इलाकों में छापेमारी की।
तुर्की इलाके से गिरफ्तार आरोपित अमन रंजन से पूछताछ के बाद कांटी, कुढ़नी, तुर्की और करजा समेत कई जगहों पर पुलिस टीम ने दबिश दी, हालांकि इस दौरान किसी अन्य आरोपित की गिरफ्तारी नहीं हो सकी।
तकनीकी जांच से सुराग
घटना की गुत्थी सुलझाने के लिए विशेष टीम का गठन किया गया है। पुलिस तकनीकी जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है। गिरफ्तार अमन रंजन के पास से मिले मोबाइल फोन का डिटेल भी खंगाला गया है, जिसमें कई संदिग्धों के नंबर मिले हैं।
संदिग्धों की तलाश जारी
पुलिस मोबाइल से मिले नंबरों का अवलोकन कर रही है। इसके आधार पर अन्य आरोपितों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी रहेगी।
13 सितंबर को फायरिंग
विदित हो कि 13 सितंबर को कांटी स्थित चंद्रशील विद्यापीठ स्कूल के मुख्य द्वार पर धमकी भरा पर्चा चिपकाने के बाद अंधाधुंध फायरिंग की गई थी। बदमाशों ने विद्यालय से 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी। मामले में पुलिस ने तुर्की इलाके से अमन रंजन को गिरफ्तार किया था।
गिरफ्तार आरोपित का रिकॉर्ड
पूछताछ के बाद अमन रंजन को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। उसका आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है। काजीमोहम्मदपुर थाने में वर्ष 2019 में उसके विरुद्ध मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज है।
अन्य मामलों की पड़ताल
पुलिस अन्य थानों से भी अमन रंजन का आपराधिक रिकॉर्ड जुटा रही है। उसके खिलाफ कोई अन्य लंबित मामला सामने आने पर संबंधित केस में रिमांड पर लेने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। वहीं, घटना में शामिल अन्य आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम लगातार कार्रवाई कर रही है।
