मुजफ्फरपुर में 50 लाख रुपये रंगदारी के लिए अंधाधुंध फायरिंग का पर्दाफाश, शातिर गिरफ्तार
कांटी पुलिस ने मुजफ्फरपुर के एक निजी स्कूल में 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगने, धमकी भरा पर्चा चिपकाने और ...और पढ़ें

मुजफ्फरपुर में पुलिस की गिरफ्त में आरोपित।
HighLights
कांटी पुलिस ने रंगदारी और फायरिंग मामले का किया खुलासा।
मुजफ्फरपुर स्कूल में 50 लाख रंगदारी मांगने का मामला।
एक शातिर अपराधी अमन रंजन गिरफ्तार, बुलेट बाइक जब्त।
संजीव कुमार, मुजफ्फरपुर । कांटी थाने की पुलिस ने एक निजी विद्यालय पर धमकी भरा पर्चा चिपकाने, 50 लाख रुपये रंगदारी मांगने व अंधाधुंध फायरिंग की घटना का पर्दाफाश किया है।
इस दौरान एक आरोपित को गिरफ्तार किया गया है। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बुलेट बाइक व आरोपित का मोबाइल जब्त किया गया है। ग्रामीण एसपी राजेश कुमार सिंह प्रभाकर ने प्रेस कांफ्रेंस में इसकी जानकारी दी।
बताया गया कि 13 सितंबर को कांटी में चंद्रशील विद्यापीठ स्कूल के मुख्य द्वार पर पर्चा चिपकाने व फायरिंग की घटना को अंजाम दिया गया था। मामला सामने आने के बाद एसएसपी, एसपी ग्रामीण व एसडीपीओ पश्चिमी वन ने घटनास्थल का निरीक्षण किया था।
एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य संकलन किया था। घटना के संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर गुत्थी सुलझाने के लिए विशेष टीम का गठन किया गया था।
गठित टीम ने तकनीकी एवं मानवीय आसूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए घटना में संलिप्त एक शातिर को पकड़ा। पूछताछ में उसकी पहचान तुर्की इलाके के अमन रंजन के रूप में हुई है ।
गिरफ्तार आरोपित से पूछताछ में संलिप्त अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। आरोपित की निशानेही पर घटना में प्रयुक्त एक बुलेट बाइक व उसका एक मोबाइल जब्त किया गया है।
पूछताछ में आरोपित ने अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए अन्य आरोपितों के बारे में बताया। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपित अमन रंजन का आपराधिक रिकार्ड है।
उस पर काजीमोहम्मदपुर थाना में 2019 में मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम का मामला दर्ज है। इसके अलावा अन्य थानों से संपर्क कर रिकार्ड खंगाला जा रहा है। लंबित केस सामने आने के बाद संबंधित मामले में रिमांड पर लेने की कवायद की जाएगी।
