विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुजफ्फरपुर में SBI के 400 से अधिक संदिग्ध म्यूल खाते चिह्नित, जिले में कुल 4244 का दावा

Published: Thu, 19 Nov 2026 07:00 AM (IST)

Operation Cyber Pahar 5.0: मुजफ्फरपुर में साइबर अपराध में इस्तेमाल हो रहे 400 से अधिक एसबीआई म्यूल खाते चिह्नित किए ...और पढ़ें

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 36 करोड़ 94 लाख रुपये होल्ड कराए।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 36 करोड़ 94 लाख रुपये होल्ड कराए।

HighLights

  1. मुजफ्फरपुर में 400 से अधिक एसबीआई म्यूल खाते चिह्नित हुए।

  2. बिहार में कुल 1.09 लाख संदिग्ध म्यूल खाते पकड़े गए।

  3. साइबर अपराध रोकने को 'ऑपरेशन साइबर प्रहार 5.0' शुरू।

जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। Muzaffarpur SBI Mule Accounts: साइबर अपराध के जरिये ठगी की रकम को एक खाते से दूसरे खाते में पहुंचाने और ठिकाने लगाने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे म्यूल (Mule) बैंक खातों के खिलाफ पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है।

साइबर अपराध एवं सुरक्षा इकाई के आइजी रंजीत कुमार मिश्रा की ओर से जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार, मुजफ्फरपुर जिले में कुल 4,244 संदिग्ध म्यूल बैंक खाते चिह्नित किए गए हैं।

इनमें अकेले स्टेट बैंक आफ इंडिया (एसबीआइ) के 400 से अधिक ऐसे खाते मिले हैं, जिनकी गहन छानबीन की जा रही है। हालांकि, अन्य बैंकों में चिह्नित संदिग्ध खातों की सही संख्या का ब्योरा अभी सामने नहीं आया है, और इस संबंध में जब जिला अग्रणी प्रबंधक (एलडीएम) से संपर्क करने का प्रयास किया गया, तो उनकी तरफ से कोई आधिकारिक आंकड़ा उपलब्ध नहीं कराया गया।

ऑपरेशन साइबर प्रहार 5.0

साइबर अपराध में धड़ल्ले से इस्तेमाल हो रहे इन संदिग्ध खातों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के लिए राज्यभर में 'ऑपरेशन साइबर प्रहार 5.0' की शुरुआत कर दी गई है।

पुलिस मुख्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पूरे बिहार में कुल 1,09,000 संदिग्ध म्यूल खातों की पहचान की गई है, जिनमें कुल 72 करोड़ 53 लाख रुपये की राशि जमा पाई गई है।

हैरानी की बात यह है कि इन चिह्नित खातों में से आधे से अधिक केवल पंजाब नेशनल बैंक (PNB) और एसबीआइ में ही मौजूद हैं। अकेले पीएनबी में 29,931 और एसबीआइ में 25,950 संदिग्ध खाते रडार पर आए हैं।

एसबीआइ के 400 से ज्यादा खाते

मुजफ्फरपुर में एसबीआइ के 400 से अधिक खातों की जांच से यह साफ हो रहा है कि साइबर अपराधियों के संगठित नेटवर्क में बैंक खातों का दुरुपयोग एक अहम कड़ी बन चुका है।

हालांकि, इन संदिग्ध खातों में ठगी की कुल कितनी रकम जमा है और अब तक कितने खातों को फ्रीज किया गया है, इसका विस्तृत ब्योरा आना अभी बाकी है।

स्थानीय स्तर पर एलडीएम द्वारा इस मामले में अनभिज्ञता जाहिर किए जाने के बाद अब प्रशासनिक स्तर पर भी बैंक अधिकारियों की भूमिका की सुगबुगाहट तेज हो गई है।

पहले के अभियानों में बड़ी कार्रवाई

साइबर अपराधियों पर नकेल कसने के लिए विभाग पहले भी कई अभियान चला चुका है। आइजी रंजीत कुमार मिश्रा ने जानकारी दी कि 'ऑपरेशन साइबर प्रहार' के पिछले संस्करणों (4.0 और 4.1) के दौरान पांच हजार से अधिक म्यूल खातों को बंद कराया गया था।

उन अभियानों में कई प्राथमिकी दर्ज करने के साथ ही अपराधियों की गिरफ्तारियां भी सुनिश्चित की गई थीं। केवल सितंबर और अक्टूबर महीने की बात करें तो बिहार में साइबर ठगी की 47,659 शिकायतें दर्ज की गईं, जिसके तहत 121 करोड़ 26 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया।

इस दौरान पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 36 करोड़ 94 लाख रुपये होल्ड कराए, जिसमें से 8 करोड़ 4 लाख रुपये पीड़ितों के खाते में वापस भी लौटाए जा चुके हैं।

क्या होते हैं म्यूल खाते?

सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक, म्यूल (Mule) ऐसे बैंक खाते होते हैं जिनका इस्तेमाल साइबर ठग ऑनलाइन धोखाधड़ी की रकम मंगवाने और उसे पलक झपकते ही आगे अन्य खातों में ट्रांसफर करने के लिए करते हैं।

कई बार शातिर अपराधी कमीशन या अन्य प्रकार का लालच देकर भोले-भाले या लाचार लोगों के बैंक खातों का इस्तेमाल अपने अवैध कार्यों के लिए करते हैं।

खाताधारक को इसकी जानकारी है या नहीं, यह गहन जांच का विषय होता है, लेकिन ऐसे खातों की ट्रैकिंग के जरिए ही पुलिस असली साइबर अपराधियों के गिरेबान तक पहुंच पाती है।

यह भी पढ़ें- साइबर ठगी पर चौंकाने वाला खुलासा: विदेश से 'म्यूल खाते' चला रहा सिंडिकेट, सामने आया अंतरराष्ट्रीय साइबर अपराधियों का पूरा पैटर्न

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।