बिहार में अब बदलेगा मौसम, बिगाड़ा खेती का कैलेंडर, धान की कटनी रुकी तो गेहूं और आलू की खेती भी पिछड़ी
मुजफ्फरपुर में बेमौसम बारिश के कारण धान की कटाई रुक गई है, जिससे गेहूं और आलू की बुवाई में भी ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।
HighLights
मुजफ्फरपुर में बेमौसम बारिश से धान की कटाई प्रभावित हुई।
गेहूं और आलू की बुवाई में एक सप्ताह की देरी संभव।
सोमवार से मौसम साफ होने और धूप निकलने का अनुमान।
अमरेन्द्र तिवारी, मुजफ्फरपुर । बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। शनिवार से लेकर रविवार तक सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे। इससे खेतों में तैयार धान की फसल की कटनी प्रभावित हुई है।
वहीं, गेहूं की बोआई व आलू की रोपाई भी एक सप्ताह पिछड़ने की आशंका है। हालांकि, राहत की बात यह है कि सोमवार से धूप निकलने का पूर्वानुमान है। जिले के सभी 16 प्रखंडों में शनिवार को कुल 140.6 मिमी बारिश दर्ज की गई।
जिले का औसत वर्षापात 8.79 मिमी रहा। सबसे अधिक बारिश औराई में 23 मिमी हुई। इसके बाद मुशहरी में 19.8, मोतीपुर में 12.2, कांटी में 11.4, मड़वन में 10.6, साहेबगंज में 9.4, सरैया में 9.2, कटरा में 8.4, पारू में 7.2 और मीनापुर में सात मिमी बारिश हुई।
सबसे कम बारिश सकरा में 2.2 व मुरौल में 3.4 मिमी दर्ज की गई। वहीं, बंदरा, बोचहां, गायघाट और कुढ़नी में 4.2-4.2 मिमी वर्षा हुई।
डा.राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा के मौसम विभाग के अनुसार चक्रवात अर्णब का प्रभाव अब समाप्त हो गया है। वरीय मौसम विज्ञानी डा.ए.सत्तार ने बताया कि सोमवार से मौसम साफ होने और धूप निकलने का अनुमान है।
लगातार बारिश से खेतों में नमी बढ़ गई है। ऐसे में रबी फसलों की बोआई व रोपाई के लिए खेत तैयार करने में किसानों को समय लगेगा। इसका असर गेहूं की बोआई व आलू की रोपाई पर पड़ेगा। जिला कृषि पदाधिकारी कार्यालय की वर्षापात रिपोर्ट के अनुसार इस साल जून से अक्टूबर तक जिले में मानसून की बारिश सामान्य से कम रही।
सामान्य से नीचे रहा वर्षापात
महीना सामान्य वर्षा औसत वर्षा औसत से कम (प्रतिशत में)
- जून 164.1 मिमी 72.89 मिमी 55.58
- जुलाई 304.8 मिमी 153.85 मिमी 49.52
- अगस्त 292.7 मिमी 147.91 मिमी 49.47
- सितंबर 208.8 मिमी 187.09 मिमी 0.40
- अक्टूबर 61.7 मिमी 59.55 मिमी 3.48
अक्टूबर में चार दिन ही हुई बारिश
दिनांक बारिश
08 अक्टूबर 168.40 मिमी
10 अक्टूबर 324 मिमी
30 अक्टूबर 318 मिमी
31 अक्टूबर 140.60 मिमी
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।