दीवाली-छठ से पहले उम्मीद को झटका, मुजफ्फरपुर में ओपनिंग के साथ फेल हुआ रेलवे लिंक
दीपावली और छठ महापर्व से पहले मुजफ्फरपुर जंक्शन पर रेलवे लिंक फेल होने से यात्रियों को भारी परेशानी हुई। आरक्षण काउंटर पर हंगामा हुआ और केवल कुछ ही टिकट बुक हो पाए, जिससे यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गईं।

यह तस्वीर जागरण आर्काइव से ली गई है।
HighLights
मुजफ्फरपुर जंक्शन पर रेलवे लिंक फेल होने से यात्री परेशान।
दीपावली-छठ से पहले टिकट बुकिंग में भारी दिक्कतें आईं।
आरक्षण काउंटर पर यात्रियों ने हंगामा किया, व्यवस्था बाधित।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर । दीपावली व छठ महापर्व से पहले घर लौटने की जद्दोजहद में जुटे रेल यात्रियों की परेशानी रविवार सुबह रेलवे के लिंक ने और बढ़ा दी। मुजफ्फरपुर जंक्शन समेत पूर्व मध्य रेल के कई स्टेशनों पर ओपनिंग टिकट के समय अचानक लिंक फेल हो गया।
तीन चरणों में आई तकनीकी खराबी के दौरान तीन-चार यात्रियों के ही टिकट कट सके। इसके बाद आरक्षण हाल में यात्रियों ने हंगामा भी किया। यात्रियों की भीड़ व धक्का-मुक्की से रेलकर्मियों को भी परेशानी झेलनी पड़ी।
50 से अधिक यात्री पहुंचे, गेट खोलने में भी हुई मशक्कत
ओपनिंग के समय 50 से अधिक यात्री आरक्षण हाल के गेट के पास टिकट के लिए पहुंच गए। टिकट के लिए पहली लाइन लगाने को लेकर कुछ यात्रियों में धक्का-मुक्की हुई। इस मशक्कत के दौरान एक रेलकर्मी का चश्मा भी गेट खुलने के दौरान गिर गया। संयोग से किसी यात्री का पैर उस पर नहीं पड़ा। लिंक चालू होने की उम्मीद में यात्री काउंटर पर जमे रहे, लेकिन समस्या बार-बार लौटती रही।
कोलकाता क्रिस को फोन कर कई बार खुलवाना पड़ा लिंक
लिंक फेल होने के कारण मुजफ्फरपुर जंक्शन के चारों आरक्षण काउंटर एक-एक कर बंद होने लगा। स्थिति संभालने के लिए आरक्षण प्रभारी को बार-बार कोलकाता स्थित क्रिस से संपर्क करना पड़ा। काफी प्रयास के बाद लिंक दुरुस्त हुआ व टिकट बुकिंग शुरू हो सकी।
एक मिनट में सभी महत्वपूर्ण ट्रेनों की बर्थ हो गई फुल
दीपावली आठ नवंबर है और छठ महापर्व 13 नवंबर से शुरू होगा। इसको लेकर अभी से ट्रेनों में टिकट की मारामारी शुरू हो गई है। दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, देहरादून व कोलकाता समेत दूसरे शहरों से आने-जाने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ गई है। नवंबर तक की कई महत्वपूर्ण ट्रेनों में ओपनिंग के साथ ही सीटें भर जा रही हैं। ऐसे समय बार-बार लिंक फेल होने से यात्रियों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।
- मुजफ्फरपुर में ओपनिंग के साथ ही फेल हुआ लिंक, तीन-चार यात्रियों को ही मिल पाया टिकट
- दीपावली-छठ की भीड़ के बीच आरक्षण केंद्र पर हंगामा, चारों काउंटर एक-एक कर हुए बंद
- 50 से अधिक यात्री एक साथ आने से आरक्षण कार्यालय का गेट खोलते समय हुई धक्का-मुक्की
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।