बिहार में सड़क निर्माण पर डिजिटल पहरा, टेंडर से भुगतान तक हर जानकारी होगी ऑनलाइन
मुजफ्फरपुर में पथ निर्माण विभाग ने डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने की तैयारी तेज कर दी है। इससे सड़क निर्माण से जुड़ी सभी सेवाएं, योजनाएं और सूचनाएं ऑनलाइन उपलब्ध होंगी, जिससे पारदर्शिता बढ़ेगी और भ्रष्टाचार पर अंकुश लगेगा।

अब एक क्लिक पर मिलेगी पथ निर्माण विभाग की योजनाओं की जानकारी (फोटो-प्रतीकात्मक)
HighLights
पथ निर्माण विभाग की सभी सेवाएं अब डिजिटल प्लेटफॉर्म पर।
सड़क योजनाओं की ऑनलाइन निगरानी, टेंडर और भुगतान की जानकारी।
पारदर्शिता बढ़ेगी, भ्रष्टाचार पर अंकुश लगेगा, काम में तेजी।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर । सड़क निर्माण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी लेने, टेंडर प्रक्रिया समझने या भुगतान की स्थिति जानने के लिए अब लोगों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने से राहत मिल सकती है।
पथ निर्माण विभाग अपने कामकाज को डिजिटल प्लेटफार्म पर लाने की तैयारी में जुटा है। इससे सड़क, पुल व अन्य निर्माण योजनाओं की निगरानी से लेकर भुगतान और कार्य प्रगति तक की जानकारी ऑनलाइन उपलब्ध कराने की दिशा में कदम बढ़ाया जा रहा है।
विभाग का जोर डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत बनाने पर है, ताकि कामकाज में पारदर्शिता बढ़े और योजनाओं के क्रियान्वयन में अनावश्यक देरी कम हो।
एक क्लिक पर मिलेगी योजनाओं की जानकारी
डिजिटल प्लेटफार्म पर निर्माण से जुड़ी सेवाएं, योजनाएं और सूचनाएं उपलब्ध कराने की तैयारी है। इससे टेंडर, भुगतान और योजनाओं की प्रगति से जुड़ी जानकारी आसानी से मिल सकेगी।
विभागीय कामकाज को अधिक पारदर्शी बनाने के साथ आम लोगों को भी योजनाओं की स्थिति जानने में सहूलियत होगी। सड़क निर्माण, मरम्मत और अन्य परियोजनाओं से जुड़ी जानकारी समय पर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
ऑनलाइन निगरानी से काम में आएगी तेजी
डिजिटल सिस्टम के जरिए सड़क निर्माण योजनाओं की मॉनीटरिंग ऑनलाइन की जाएगी। इससे कार्य की प्रगति पर नजर रखने और निर्धारित समयसीमा में काम पूरा कराने में मदद मिलेगी।
योजनाओं में देरी होने पर उसकी समीक्षा कर सुधारात्मक कदम उठाए जा सकेंगे। विभाग का मानना है कि डिजिटल व्यवस्था से कामकाज में जवाबदेही बढ़ेगी और अनियमितताओं पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।
नोडल पदाधिकारी के साथ टीम गठित
डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े कार्यों के संचालन और समीक्षा के लिए विभाग ने नोडल पदाधिकारी एवं सहयोगी टीम नामित की है। संयुक्त सचिव-सह-नोडल पदाधिकारी, एचआरएमएस, पथ निर्माण विभाग अरुण भगत को इसकी जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनके सहयोग के लिए आइटी मैनेजर, सिस्टम एनालिस्ट और प्रोग्रामर भी तैनात रहेंगे।
भुगतान और गुणवत्ता की होगी डिजिटल समीक्षा
पथ निर्माण विभाग की योजनाओं की समीक्षा गठित टीम करेगी। कामकाज में सामने आने वाली कमियों को दूर करने के लिए रोडमैप तैयार किया जाएगा।
सड़क, पुल व भवन निर्माण से संबंधित डाटा एक डिजिटल प्लेटफार्म पर उपलब्ध कराने की दिशा में काम होगा। ठेकेदारों के भुगतान, निर्माण कार्य की प्रगति और गुणवत्ता की जांच भी डिजिटल सिस्टम से करने की तैयारी है। इससे फर्जी बिलिंग और अनियमितताओं पर रोक लगाने के साथ निर्माण कार्यों की निगरानी अधिक प्रभावी हो सकेगी।