मुजफ्फरपुर में औद्योगिक विकास को पंख, पारू में 246 एकड़ भूमि अधिग्रहण पर खर्च होंगे एक अरब 26 करोड़
BIADA Bihar, Paru Industrial Area: मुजफ्फरपुर के पारू में 246 एकड़ भूमि पर नया औद्योगिक क्षेत्र विकसित किया जा रहा ...और पढ़ें

जिला भू-अर्जन कार्यालय द्वारा भेजे गए प्राक्कलन को राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के निदेशक ने प्रशासनिक स्वीकृति दे दी है।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। Paru industrial area: जिले के औद्योगिक मानचित्र पर एक और बड़ा अध्याय जुड़ने जा रहा है। बेला और मोतीपुर के बाद अब पारू में जिले का तीसरा अत्याधुनिक इंडस्ट्रियल एरिया तेजी से आकार लेने लगा है। इसके विकास से क्षेत्र में रोजगार के बहार आने और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद है।
246 एकड़ जमीन पर प्रशासनिक मुहर
पारू में 700 एकड़ भूमि पर औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने की प्रक्रिया ने रफ्तार पकड़ ली है। इसके तहत पहले चरण में मौजा चांदपुर चिउटांहा में 246 एकड़ भूमि का अधिग्रहण किया जा रहा है।
इस पर एक अरब 26 करोड़ 20 लाख रुपये से अधिक की राशि खर्च होगी। जिला भू-अर्जन कार्यालय द्वारा भेजे गए प्राक्कलन को राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के निदेशक ने प्रशासनिक स्वीकृति दे दी है।
मुआवजे की प्रक्रिया हुई तेज
विभाग से स्वीकृति मिलने के बाद अब राशि मुहैया कराने के लिए बियाडा (BIADA) को अधियाचना भेजी जाएगी। राशि प्राप्त होते ही रैयतों (जमीन मालिकों) के बैंक खातों में सीधे मुआवजे की राशि ट्रांसफर की जाएगी।
इसके लिए प्रशासनिक स्तर पर कैंप लगाकर रैयतों से जमीन के जरूरी दस्तावेज जुटाए जा रहे हैं और उनका सत्यापन किया जा रहा है।
शेष चार मौजा के लिए भी प्रस्ताव
प्रशासन की योजना के अनुसार पारू अंचल के पांच मौजा में कुल 700 एकड़ भूमि का अधिग्रहण होना है, जिसकी अधिसूचना पहले ही प्रकाशित की जा चुकी है।
शेष चार मौजा चतुरपट्टी में 150 एकड़, हरपुर कपरफोड़ा में 120 एकड़, भोजपट्टी में 95 एकड़ और विशुनपुर सरैया में 85 एकड़ भूमि के अधिग्रहण का प्रस्ताव भी भेजा जा चुका है, जिसे जल्द ही प्रशासनिक मंजूरी मिलने की उम्मीद है। इन सभी पर 250 करोड़ रुपये से अधिक खर्च होंगे।
