मुजफ्फरपुर में शहर के पार्कों के लिए नई गाइडलाइन, अब सप्ताह के सातों दिन खुले रहेंगे
मुजफ्फरपुर नगर निगम ने अब शहर के सभी पार्कों को सप्ताह के सातों दिन खुला रखने का निर्णय लिया है। ...और पढ़ें

मुजफ्फरपुर शहर का सिटी पार्क।
HighLights
शहर के सभी पार्क अब सातों दिन खुले रहेंगे।
पार्कों में सुरक्षा और रोशनी की व्यवस्था सुदृढ़ होगी।
जुब्बा साहनी ऑडिटोरियम की पार्किंग क्षमता बढ़ाई जाएगी।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर । नगर निगम क्षेत्र में अब आमलोगों के लिए सभी दिन पार्क खुले रहेंगे। इसके लिए निगम की ओर से कवायद की जा रही है। महापौर निर्मला साहू ने नगर आयुक्त को इसकी जवाबदेही सौंपी है।
दरअसल, पिछली बार आयोजित सशक्त स्थाई समिति की बैठक में समिति के सदस्यों ने यह मुद्दा उठाया था। इसपर महापौर ने संज्ञान लेते हुए सप्ताह के सभी दिन पार्कों को खुला रखने का आदेश दिया है।
बताया गया कि सप्ताह में एक दिन पार्क को बंद किया जाता था। इससे नगर निगम को राजस्व की क्षति हो रही थी। इसे देखते हुए उक्त निर्णय लिया गया है। समिति की ओर से पार्कों में तैनात कर्मियों को साप्ताहिक अवकाश रोस्टरवार देने की बात कही गई।
इसपर महापौर ने नगर आयुक्त को पार्कों में तैनात कर्मियों के साप्ताहिक अवकाश को लेकर वैकल्पिक व्यवस्था रोस्टर लागू करने का निर्देश दिया।
इसके अलावा हाल के दिनों सबसे बड़ी समस्या पार्कों में असामाजिक तत्वों द्वारा उपद्रव करने और घूमने आए लोगों को परेशान करने की सामने आई। महापौर ने एसएसपी से समन्वय बनाकर पार्कों में सुरक्षा और विधि व्यवस्था को लेकर पुलिसर्मियों की तैनाती करने को कहा।
विधि व्यवस्था की निगरानी करने के साथ पर्याप्त रौशनी की व्यवस्था भी सुनिश्चित करने की बात कही गई। महापौर के निर्देश के आलोक में नगर आयुक्त ने उप नगर आयुक्त को पार्क के साथ नगर भवन पुस्तकालय में कार्यरत कर्मियों के साप्ताहिक अवकाश को लेकर रोस्टर बनाने की जवाबदेही सौंप दी है।
जुब्बा साहनी आडिटोरियम में बढ़ाई जाएगी पार्किंग क्षमता
निर्माणाधीन जुब्बा साहनी आडिटोरियम में अभी मात्र 30 वाहनों की पार्किंग क्षमता को ध्यान में रखकर निर्माण किया जा रहा है। महापौर ने नगर आयुक्त को पार्किंग क्षमता बढ़ाने को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा है।
आडिटोरियम में एक हजार लोगों के बैठने की क्षमता होगी। महापौर ने आडिटोरियम भवन के छत पर सौर ऊर्जा संयत्र लगाने के डीपीआर में संशोधन करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक धरोहर के निर्माण में पारदर्शिता बनी रहे और त्रुटि नहीं हो इसके लिए एक कमेटी भी गठित कर दी गई है। जुब्बा साहनी पार्क अंतर्गत दोनों कैंटीन की बंदोबस्ती को लेकर डाक मूल्य (15 हजार) पर पुनर्विचार करते हुए इसे 10 हजार कर दिया गया। क्योंकि चार बार निविदा जारी की गई, लेकिन किसी ने रूचि नहीं ली।
निगम के पास स्ट्रीट लाइट की मरम्मत करने को स्पेयर का अभाव : खराब स्ट्रीट लाइट की मरम्मत को लेकर निगम के विद्युत मिस्त्री के पास स्पेयर (मरम्मत करने की सामग्री) का अभाव है।
इस कारण शहर में स्ट्रीट लाइट की मरम्मत नहीं हो रही है। महापौर ने नियमानुसार एजेंसी को ही इसकी मरम्मत करने की जवाबदेही सौंपने का निर्देश दिया, ताकि किसी भी वार्ड में अंधेरा नहीं पसरा रहे।
चौक-चौराहों का होगा सुंदीकरण
- रामबाग चौक का सुंदरीकरण
- नीम चौक का सुंदरीकरण
- केदारनाथ रोड, कल्याणी चौराहा से माखन साह चौक तक मास्टिक और कालीकरण का कार्य
- देवी मंदिर मुख्य से संत जेवियर्स किंडर गार्डेन हास्टल चौराहा तक कालीकरण और मास्टिक काम।
