मुजफ्फरपुर के पानापुर ओपी अध्यक्ष निलंबित, सरकारी चावल की हेराफेरी में लीपापोती पड़ी महंगी
मुजफ्फरपुर के पानापुर ओपीध्यक्ष अभिषेक कुमार मिश्रा को सरकारी खाद्यान्न लदे पिकअप को बिना कार्रवाई के छोड़ने के आरोप में ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।
संजीव कुमार, मुजफ्फरपुर । सरकारी खाद्यान्न लदी पिकअप जब्ती में बिना कार्रवाई के छोड़ने में पानापुर ओपीध्यक्ष अभिषेक कुमार मिश्रा को तत्काल प्रभाव से एसएसपी ने निलंबित कर दिया है।
बता दें कि जिलाधिकारी कुमार गौरव ने दारोगा सह ओपीध्यक्ष अभिषेक कुमार मिश्रा पानापुर ओपी (मीनापुर) के विरुद्ध अनुशासनिक कार्रवाई करने के लिए रिपोर्ट भेजी थी।
इसमें बताया गया कि 13 अक्टूबर को सीएमआर गोदाम कांटी से टीपीडीएस गोदाम कांटी के लिए सरकारी चावल से लदे ट्रक को किशुन नगर ढाला स्थित गणपति धर्मकांटा के पास एक टाटा मैजिक-पिकअप पर अवैध रूप से चावल अनलोड किया जा रहा था।
पानापुर ओपी की पुलिस गश्ती दल द्वारा संदेह के आधार पर दोनों वाहनों और चालक को पानापुर ओपी लाया गया था। पानापुर ओपीध्यक्ष ने पिकअप वाहन को बिना थाना दैनिकी में कोई एंट्री एवं विधिक कार्रवाई के मुक्त कर दिया था। शिकायत के बाद जिलाधिकारी द्वारा गठित संयुक्त जांच टीम गठित की गई थी।
जांच रिपोर्ट के अनुसार ओपीध्यक्ष द्वारा खाद्यान्न लदे ट्रक को थाना परिसर के बाहर मुख्य सड़क पर बिना किसी सुरक्षा व्यवस्था के लावारिस स्थिति में रखा गया।
उक्त आलोक में जिलाधिकारी के समर्पित आवेदन व संयुक्त जांच रिपोर्ट के आधार पर पानापुर ओपीध्यक्ष अभिषेक कुमार मिश्रा को वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्रा ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। आगे उनपर विभागीय कार्रवाई के लिए भी आदेश दिया गया है।
विदित हो कि सरकारी चावल की हेराफेरी के मामले की तीन सदस्यीय टीम की जांच के बाद डीएम कुमार गौरव ने एसडीओ पूर्वी व मीनापुर एमओ से भी स्पष्टीकरण मांगा था। इसमें दोनों अधिकारियों की मिलीभगत की बात सामने आई थी।
जांच में पाया गया कि मामले में कार्रवाई के बजाय लीपापोती के लिए ट्रक के टायर पंचर होने का बहाना बनाया गया था। थाने से पिकअप को छोड़ दिया गया था।
पूरे मामले में एसडीओ पूर्वी आनंद उत्सव, मीनापुर के मार्केटिंग आफिसर (एमओ) धीरेंद्र कुमार, पानापुर ओपीध्यक्ष अभिषेक कुमार मिश्रा व ट्रांसपोर्टर राजेंद्र दुबे की संलिप्तता सामने आई थी। आरोप यह भी है कि मामला संज्ञान में आने के भी एसडीओ पूर्वी ने विधिवत जांच नहीं कराई।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।