विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुजफ्फरपुर में मुखिया की बहू निकली शराब धंधेबाज, उत्पाद विभाग ने घर से दबोचा

Published: Thu, 24 Sep 2026 10:21 PM (IST)

मुजफ्फरपुर के मड़वन में उत्पाद विभाग ने मुखिया की बहू रानी कुमारी को घर से शराब के साथ गिरफ्तार किया ...और पढ़ें

बड़कागांव के मुखिया की बहू के पास से मिली शराब। फोटो सौ. उत्पाद विभाग

बड़कागांव के मुखिया की बहू के पास से मिली शराब। फोटो सौ. उत्पाद विभाग


संवाद सहयोगी, मड़वन (मुजफ्फरपुर)। Muzaffarpur Liquor Seized: बिहार सरकार ने महिलाओं की सलाह पर शराब पर प्रतिबंध लगाया था, लेकिन चिंता की बात है कि अब महिलाएं खुद इस अवैध कारोबार का हिस्सा बन रही हैं। समस्तीपुर जंक्शन से पकड़ी गईं नेहा झा हों या फिर पटना जंक्शन से गिरफ्तार छात्रा। इसी कड़ी में मुजफ्फरपुर के एक मुखिया की बहू भी जुड़ गई हैं। 

मुजफ्फरपुर के मड़वन थाना क्षेत्र की बड़कागांव दक्षिणी पंचायत के मुखिया सुरेश प्रसाद गुप्ता की बहू रानी कुमारी को उत्पाद विभाग की टीम ने शराब के साथ गिरफ्तार किया है।

उत्पाद विभाग की टीम ने गुरुवार की देर शाम उसके घर पर छापेमारी की। इस दौरान एक बोरी में रखी शराब और बीयर की खेप जब्त की गई।

उत्पाद इंस्पेक्टर प्रकाश कुमार राम ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि मुखिया की बहू घर से शराब बिक्री का धंधा करती है। सूचना के आधार पर टीम ने घर पर छापेमारी की और शराब के साथ महिला को गिरफ्तार किया। जब्त शराब की मात्रा करीब 10 लीटर बताई गई है।

महिला को छाता चौक स्थित आबकारी थाना लाकर पूछताछ की जा रही है। उत्पाद विभाग ने उसके विरुद्ध अभियोग दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। उसे शुक्रवार को जेल भेजने की बात कही गई है।

मामले में मुखिया सुरेश प्रसाद गुप्ता ने कहा कि उनका बेटा कुछ असामाजिक तत्वों के दबाव में आकर शराब बेचता था। उन्होंने इसका विरोध किया था और इस संबंध में पूर्व में करजा थाना व आबकारी विभाग को भी सूचना दी थी। मुखिया ने कहा कि इस मामले से उनका कोई लेना-देना नहीं है।

उत्पाद विभाग की छानबीन में यह बात सामने आई है कि मुखिया के पुत्र मनीष कुमार पर भी पहले से शराब से संबंधित मामला दर्ज है। हालांकि, इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है। संबंधित थाना से इसकी जानकारी मांगी गई है और आबकारी थाना में दर्ज मामलों को भी खंगाला जा रहा है।

यह भी पढ़ें- दरभंगा में शराब धंधेबाज को पकड़ने गई पुलिस टीम पर हमला, चार जवान घायल और गाड़ी क्षतिग्रस्त