मुजफ्फरपुर के मुशहरी में किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म, ग्रामीणों ने तीन युवकों को दबोचा
मुजफ्फरपुर के मुशहरी में शौच के लिए निकली एक किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म हुआ। ग्रामीणों ने तीन युवकों को नदी ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।
HighLights
मुशहरी में किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला।
ग्रामीणों ने तीन युवकों को पकड़कर पुलिस के हवाले किया।
दो आरोपियों पर पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज।
संवाद सहयोगी, मुशहरी (मुजफ्फरपुर)। मुशहरी थाना क्षेत्र के एक गांव में रविवार की रात शौच के लिए निकली किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों और स्वजन ने नदी किनारे खेत से तीन युवकों को धर-दबोचा। गुस्साए लोगों ने पिटाई के बाद तीनों को पुलिस के हवाले कर दिया।
मामले में दो के विरुद्ध पाक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी कराई गई है। किशोरी को मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है। बताया जाता है कि किशोरी फुआ के घर करीब दो माह पूर्व आई थी। उसका घर थाना क्षेत्र के अन्य गांव में है।
इस बीच रविवार की रात करीब साढ़े 10 बजे तीन युवक किशोरी को जबरन उठाकर नदी किनारे ले गए। आरोप है कि दो युवकों ने गेहूं के खेत में बारी-बारी से किशोरी के साथ दुष्कर्म किया। तीसरा पहरेदारी करता रहा। जब काफी देर तक किशोरी घर नहीं पहुंची तो उसके घर वाले परेशान होकर खोजने निकले।
खेत में गेहूं के गिरे पौधों के निशान के आधार पर आगे बढ़ते गए ग्रामीणों ने मौके पर तीनों युवकों को पकड़कर पिटाई शुरू कर दी। इसके बाद तीनों युवकों को लेकर रात करीब एक बजे मुशहरी थाने पहुंचे और उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया।
मामले में पुलिस ने पीड़िता के स्वजन के आवेदन के अनुसार जीतन कुमार (18) और संजीव कुमार (18) के विरुद्ध दुष्कर्म और पाक्सो एक्ट में प्राथमिकी की है। एक अन्य आरोपित मनीष कुमार ने घटना में उन दोनों युवकों के विरुद्ध गवाही देते हुए पुलिस को बताया कि वह केवल इस बात पर नजर रख रहा था कि कोई आ तो नहीं रहा है।
दूसरी ओर पीड़ित किशोरी के स्वजन का आरोप है कि इस घटना में तीनों आरोपित हैं। इन्हें स्पीडी ट्रायल चलाकर कठोर सजा देने की मांग की है। सोमवार की सुबह मुशहरी थाने के अवर निरीक्षक तेज प्रकाश सिंह व अश्विनी कुमार ने दोनों आरोपितों के साथ घटनास्थल की छानबीन की। फारेंसिक जांच टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य एकत्रित किया। थानाध्यक्ष सुबोध कुमार मेहता ने बताया कि दोनों आरोपितों को जेल भेजा जाएगा।
मुशहरी में किशोरी से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है। एफएसएल की टीम ने जांच कर साक्ष्य संकलन किया है। मेडिकल जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जा रही है।
-- मनोज कुमार सिंह, एसडीपीओ पूर्वी टू
