शादी-विवाह: लगन में दूध की मांग बढ़ी तो बिहार के 7 जिलों से घट गई आपूर्ति
लग्न के मौसम में मुजफ्फरपुर में दूध और दुग्ध उत्पादों की मांग बढ़ने से गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं, साथ ही सात जिलों से आपूर्ति में एक लाख लीटर की कमी आई है। खाद्य सुरक्षा विभाग की निष्क्रियता के कारण मिलावट की आशंका बढ़ गई है

बिहार में लगन के सीजन में दूध और उससे बने उत्पादों की मांग बढ़ी (फोटो-प्रतीकात्मक )
HighLights
लग्न में दूध की मांग बढ़ने से आपूर्ति घटी।
उपभोक्ताओं ने दूध की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठाए।
खाद्य सुरक्षा विभाग की निष्क्रियता पर उठे प्रश्नचिह्न।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर । लगन के मौसम में दूध और उससे बने उत्पादों की मांग बढ़ने के साथ ही इनकी गुणवत्ता को लेकर सवाल उठने लगे हैं। बाजार में बिक रहे कुछ ब्रांड के पैकेट बंद दूध को लेकर उपभोक्ता पाउडर जैसी महक आने और पहले की अपेक्षा कम मलाई जमने की शिकायत कर रहे हैं।
दूध उबालने पर मिल्क पाउडर जैसी महक आने से लोग इसकी गुणवत्ता को लेकर आशंकित हैं। हालांकि, दूध में मिल्क पाउडर के इस्तेमाल की शिकायतों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
इधर, मुजफ्फरपुर डेरी के आंकड़ों के अनुसार, लगन के दौरान दूध की मांग बढ़ने से संग्रह में कमी आई है। सामान्य दिनों में मुजफ्फरपुर डेरी केंद्र को सात जिलों से करीब चार लाख लीटर दूध की आपूर्ति होती है। इसमें मुजफ्फरपुर, सिवान, सीतामढ़ी, बेतिया, मोतिहारी, शिवहर और गोपालगंज शामिल हैं।
वर्तमान में यह आपूर्ति घटकर करीब तीन लाख लीटर रह गई है यानी प्रतिदिन करीब एक लाख लीटर दूध कम मिल रहा है। डेरी अधिकारियों के अनुसार, सामान्य दिनों में जब दूध की उपलब्धता मांग से अधिक रहती है तो अतिरिक्त दूध को ड्रायर के माध्यम से पाउडर में बदला जाता है।
इसे बाद में जरूरत के अनुसार दोबारा दूध की आपूर्ति में इस्तेमाल किया जाता है। इसके लिए दूध सरकारी आइसीडीएस केंद्र, मुजफ्फरपुर व हाजीपुर भेजा जाता है।
वहां पाउडर तैयार होने के बाद मांग के अनुरूप इसकी आपूर्ति की जाती है। अधिकारियों का कहना है कि यह निर्धारित प्रक्रिया है और इसमें किसी तरह की डुप्लीकेसी नहीं होती। सामान्य दिनों में अतिरिक्त दूध झारखंड भी भेजा जाता है, जबकि शेष दूध पाउडर बनाने के लिए भेजा जाता है।
545 समितियों से होता है दूध का उत्पादन
जिला सहकारिता पदाधिकारी प्रशांत कुमार ने बताया कि जिले में 545 सरकारी दुग्ध उत्पादक समितियां हैं। इनके माध्यम से दूध का संग्रह और आपूर्ति की जाती है। लगन के दौरान मांग बढ़ने से संग्रह प्रभावित होता है। ऐसे में उपलब्ध दूध के आधार पर आपूर्ति का प्रबंधन किया जाता है।
करोड़ों के मिठाई कारोबार पर खाद्य सुरक्षा विभाग की नजर नहीं
लगन के मौसम में मुजफ्फरपुर में करोड़ों रुपये की मिठाई व दुग्ध उत्पादों का कारोबार हो रहा है। इसके बाद भी नकली दूध, पनीर व खोया की बिक्री रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग की सक्रियता नजर नहीं आ रही है।
फूड इंस्पेक्टर से नकली दूध, पनीर व खोया की बिक्री तथा लगन के दौरान जांच अभियान के संबंध में जानकारी लेने के लिए काल की गई, लेकिन रिसीव नहीं की। बाद में जानकारी मिली कि पटना में चल रही छापेमारी में मुजफ्फरपुर की टीम भी शामिल थे।
ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जब दूसरे जिलों में मिलावट के खिलाफ छापेमारी हो रही है तो मुजफ्फरपुर में बड़े पैमाने पर हो रहे मिठाई और दुग्ध उत्पादों के कारोबार की जांच को लेकर विभाग कितना गंभीर है।
लगन के दौरान मिठाई, पनीर व खोया की खपत कई गुना बढ़ जाती है। ऐसे में मिलावटी उत्पादों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए नियमित जांच व नमूना संग्रह जरूरी है।
पाउडर से तैयार खोया या अन्य दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं होने पर एक ही शादी समारोह में शामिल सैकड़ों लोगों की सेहत प्रभावित हो सकती है।
खाद्य सुरक्षा विभाग की जिम्मेदारी है कि पर्व-त्योहार के साथ शादी-विवाह के मौसम में भी बाजारों व मिठाई दुकानों की नियमित निगरानी करे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।