मुजफ्फरपुर में मैकेनिक की हत्या, पंजाब का आरोपित गुरप्रीत सिंह गिरफ्तार
मुजफ्फरपुर के बोचहां में मैकेनिक अमरजीत सिंह की हत्या के मामले में पंजाब के गुरप्रीत सिंह को गिरफ्तार किया गया ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।
संजीव कुमार, मुजफ्फरपुर । बिहार में मुजफ्फरपुर के बोचहां थाने की पुलिस ने मैकेनिक की हत्या मामले में एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में उसकी पहचान पंजाब के भटिंडा जिले के रामपुरा इलाके के गुरप्रीत सिंह के रूप में हुई है। ग्रामीण एसपी राजेश कुमार सिंह प्रभाकर ने सोमवार को प्रेस कांफ्रेंस में इसकी जानकारी दी।
बताया कि बोचहां थाना अंतर्गत बल्थी रसूलपुर में धान की कटाई के लिए पंजाब से हार्वेस्टर मशीन और उसके चालक आए हुए थे। सात नवंबर की रात्रि मशीन में आई खराबी को ठीक करने के दौरान पंजाब से कंपनी की ओर से आए मैकेनिक अमरजीत सिंह और हार्वेस्टर चालक गुरप्रीत सिंह के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया।
विवाद बढ़ने पर चालक गुरप्रीत सिंह ने लोहे की राड से मैकेनिक अमरजीत सिंह के सिर पर हमला कर दिया। इसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायल अमरजीत सिंह को इलाज के लिए शहर के एक निजी हास्पीटल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान अमरजीत सिंह की दूसरे दिन मौत हो गई। मामले में घायल मैकेनिक के चचेरे भाई के आवेदन पर बोचहां थाने में प्राथमिकी की गई थी।
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए बोचहां थाने की पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए नामजद आरोपित पंजाब के गुरप्रीत सिंह (चालक) को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही घटना में प्रयुक्त लोहे का राड को जब्त किया। मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही हैं।