मुजफ्फरपुर के महवल में आज मेगा लेदर पार्क का उद्घाटन करेंगे सीएम, खुलेंगे रोजगार के द्वार
Mahwal Leather Park Muzaffarpur: मुख्यमंत्री मुजफ्फरपुर के मोतीपुर स्थित महवल में 'मेगा लेदर, फुटवियर एंड एक्सेसरीज पार्क' का उद्घाटन करेंगे। ...और पढ़ें

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी । फाइल फोटो
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। Mahwal Leather Park Muzaffarpur: जिले के मोतीपुर स्थित महवल में गुरुवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का आगमन हो रहा है, जहां वे बहुप्रतीक्षित 'मेगा लेदर, फुटवियर एंड एक्सेसरीज पार्क' का विधिवत उद्घाटन करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री कॉमन फैसिलिटी सेंटर (CFC) का उद्घाटन करने के साथ विभिन्न औद्योगिक इकाइयों को शेड और भूमि आवंटन पत्र सौंपेंगे। इसके अतिरिक्त, एसआईपीबी (SIPB) इकाइयों के लाभार्थियों को चेक का वितरण किया जाएगा और एफडीडीआई (FDDI) के साथ एमओयू पर हस्ताक्षर भी होंगे।
प्लग एंड प्ले बिल्डिंग और ट्रेनिंग सेंटर
महवल में तैयार इस अत्याधुनिक लेदर पार्क में 'प्लग एंड प्ले' इंडस्ट्रियल बिल्डिंग के साथ एक आधुनिक ट्रेनिंग सेंटर स्थापित किया गया है। यहां स्थानीय युवाओं और महिलाओं को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार लेदर व फुटवियर डिजाइनिंग का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद अभ्यर्थियों को पार्क में स्थापित होने वाली प्रमुख कंपनियों में सीधे रोजगार का अवसर मिलेगा, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार बढ़ेगा और पलायन पर रोक लगेगी।
छोटे उद्यमियों को मिलेगा लाभ
परियोजना की सबसे प्रमुख विशेषताओं में 'कॉमन फैसिलिटी सेंटर' (CFC) शामिल है, जो छोटे और मझोले उद्यमियों (MSMEs) के लिए मील का पत्थर साबित होगा।
इस केंद्र में अत्याधुनिक और महंगी मशीनें लगाई गई हैं, जिनका उपयोग उद्यमी नाममात्र के शुल्क पर कर सकेंगे। इससे छोटे उद्यमियों को भारी पूंजी निवेश कर मशीनें खरीदने की बाध्यता नहीं रहेगी और उत्पाद की लागत भी कम आएगी।
200 मजिस्ट्रेट और 500 पुलिस जवान तैनात
मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। जिलाधिकारी कुमार गौरव और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्र ने संयुक्त आदेश जारी कर करीब 200 मजिस्ट्रेट तथा 500 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की है।
महवल और आसपास के इलाकों में बैरिकेडिंग और ड्रॉप गेट बनाए गए हैं, जहां से गुजरने वाले सभी वाहनों की गहन तलाशी ली जा रही है।
