विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुजफ्फरपुर में मिलने गया था प्रेमिका से, लौटते-लौटते बन गया दूल्हा; पुलिस पहुंची तो हो चुकी थी शादी

Published: Wed, 09 Sep 2026 06:07 PM (IST)

Unique Love Story : मुजफ्फरपुर के अहियापुर में प्रेमिका से मिलने गए युवक को ग्रामीणों ने पकड़कर शादी करा दी। ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। अहियापुर के टरमा गांव में प्रेम कहानी का ऐसा अंजाम देखने को मिला, जिसकी शायद प्रेमी जोड़े ने कल्पना भी नहीं की होगी। प्रेमिका से चोरी-छिपे मिलने पहुंचे युवक को ग्रामीणों ने पकड़ लिया और घर को घेरकर उसे बंधक बना लिया।

पुलिस को सूचना दी गई, मगर डायल-112 की टीम के पहुंचने से पहले ही ग्रामीणों ने पंचायत स्तर पर फैसला कर दोनों की शादी करा दी। शादी के बाद पहुंची पुलिस नवविवाहित जोड़े को थाने ले आई।

पांच महीने से चल रहा था प्रेम प्रसंग

युवक और युवती के बीच करीब पांच महीने से प्रेम प्रसंग चल रहा था। मंगलवार को युवक प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंचा था। इसकी भनक ग्रामीणों को लग गई। देखते ही देखते ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और प्रेमिका के घर को घेर लिया गया। युवक को ग्रामीणों ने अपने कब्जे में ले लिया।

पुलिस आने से पहले करा दी शादी

ग्रामीणों ने मामले की सूचना डायल-112 की पुलिस टीम को दी। पुलिस के पहुंचने का इंतजार करने के बजाय ग्रामीणों ने पंचायत स्तर पर दोनों की शादी कराने का निर्णय लिया। इसके बाद गांव में ही शादी की रस्में पूरी करा दी गईं। कुछ देर बाद डायल-112 की टीम गांव पहुंची तो दोनों को अपने साथ अहियापुर थाना ले गई।

थाने में दिनभर चला हंगामा

नवविवाहित जोड़े के थाने पहुंचते ही दोनों के स्वजन भी वहां पहुंच गए। इसके बाद दिनभर हंगामा चलता रहा। दोनों पक्ष एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाते रहे। स्थिति को शांत कराने के लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने हस्तक्षेप किया।

लिखित समझौते के बाद मिली रिहाई

स्थानीय जनप्रतिनिधियों के हस्तक्षेप के बाद दोनों पक्षों के बीच लिखित समझौता कराया गया। इसके बाद पुलिस ने युवक और युवती को पीआर बांड पर रिहा कर दिया। हालांकि, शादी को लेकर दोनों परिवारों में सहमति पूरी तरह नहीं बन सकी है।

परिवारों को मनाने के लिए होगी पंचायत

जनप्रतिनिधियों ने बताया कि दोनों परिवारों के बीच विवाद खत्म कराने और शादी को सामाजिक मान्यता दिलाने के लिए विशेष पंचायत बुलाई जाएगी। इसमें दोनों पक्षों के मुखिया और गांव के जिम्मेदार लोगों को बुलाया जाएगा। जनप्रतिनिधियों को उम्मीद है कि बातचीत के माध्यम से दोनों परिवारों को समझाकर रिश्ते के लिए राजी कर लिया जाएगा।