विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुजफ्फरपुर : Gen-Z Love Story में ट्विस्ट, प्रेमी की दूसरी शादी की खबर मिलते ही घर पहुंची प्रेमिका

Published: Sun, 22 Nov 2026 01:45 PM (IST)

मुजफ्फरपुर में एक युवती अपने कथित पति के घर पहुंच गई और उसकी दूसरी शादी की तैयारी का विरोध करते हुए धरने पर बैठ गई। परिवार द्वारा बहू मानने से इनकार करने पर यह घटना हुई, जबकि युवक फरार है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पचदही में युवक के घर के पास लोगों की भीड़ और वैन से पहुंची पुलिस l जागरण

पचदही में युवक के घर के पास लोगों की भीड़ और वैन से पहुंची पुलिस l जागरण

संवाद सहयोगी, सकरा (मुजफ्फरपुर)। प्यार पुराना है, शादी का दावा भी है, लेकिन अब प्रेमी की दूसरी शादी की तैयारी ने कहानी में नया मोड़ ला दिया है। शादी की तारीख 30 नवंबर तय होने की जानकारी मिलते ही एक युवती अपने कथित पति के घर पहुंच गई।

वहां स्वजन ने उसे बहू मानने से इन्कार कर दिया तो युवती घर के दरवाजे पर ही धरने पर बैठ गई। शनिवार शाम चार बजे से शुरू हुआ यह हाईवोल्टेज घटनाक्रम गांव में चर्चा का विषय बना हुआ है। सूचना मिलने पर पुलिस भी पहुंची, लेकिन युवती अपनी मांग पर अड़ी रही।

2021 से प्रेम संबंध, शादी करने का दावा

मामला बरियारपुर थाना क्षेत्र के परशुराम पचदही गांव का है। युवती का आरोप है कि वर्ष 2021 से उसका विकास के साथ प्रेम संबंध है। इस दौरान दोनों के बीच शारीरिक संबंध भी बने। युवती का दावा है कि दोनों ने आपसी सहमति से शादी कर ली थी। उसके पास शादी से संबंधित वीडियो भी मौजूद है।

दूसरी शादी की तैयारी से बढ़ा विवाद

बताया जाता है कि युवक की शादी 30 नवंबर को दूसरी जगह तय हुई है। इसकी जानकारी मिलने के बाद युवती अपने कथित पति के घर पहुंच गई। उसने स्वजन से उसे बहू के रूप में स्वीकार करने की मांग की, लेकिन युवक के परिवार ने उसे बहू मानने से इन्कार कर दिया। इसके बाद युवती घर के बाहर धरने पर बैठ गई।

25 दिनों से लगा रही न्याय की गुहार

युवती का आरोप है कि युवक के पिता और स्वजन दहेज के लालच में उसकी अनदेखी कर दूसरी जगह शादी की तैयारी कर रहे हैं। उसका कहना है कि वह पिछले 25 दिनों से महिला थाना, बरियारपुर थाना और रामपुरमणि पंचायत के सरपंच को आवेदन देकर न्याय की गुहार लगा रही है। इसके बावजूद उसकी समस्या का समाधान नहीं हुआ।

घर के बाहर बैठी रही युवती, युवक फरार

शनिवार को विकास के घर पहुंचने पर उसे अंदर प्रवेश नहीं करने दिया गया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे बरियारपुर थानाध्यक्ष शिवचंद्र यादव ने बताया कि युवती और युवक के स्वजन से संबंधित जानकारी जुटाई जा रही है।

जांच के बाद विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। समाचार लिखे जाने तक युवती घर के बाहर धरने पर बैठी थी। पंचायत के सरपंच सरयुग पंडित उसे समझाने में जुटे थे। वहीं, बताया जाता है कि युवक भी घर से फरार है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।