मुजफ्फरपुर में घरवालों को मंजूर नहीं था रिश्ता, मंदिर में शादी कर प्रेमी संग थाने पहुंच गई युवती
मुजफ्फरपुर में परिवार की असहमति के बावजूद एक युवती ने अपने प्रेमी से मंदिर में शादी कर ली। सुरक्षा की गुहार लेकर दोनों थाने पहुंचे।

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।
HighLights
युवती ने परिवार की मर्जी के खिलाफ मंदिर में शादी की।
शादी के बाद प्रेमी जोड़े ने पुलिस से सुरक्षा मांगी।
युवती के पिता ने संबंध तोड़े, युवक के पिता ने स्वीकार किया।
संवाद सहयोगी, बैरिया (मुजफ्फरपुर)। प्यार को मंजिल तक पहुंचाने के लिए युवती ने परिवार की नाराजगी की परवाह नहीं की। घरवालों की असहमति के बीच प्रेमी के साथ मंदिर में शादी रचा ली। इसके बाद दोनों सीधे सदर थाने पहुंचे।
युवती ने पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाते हुए कहा कि वह बालिग है और उसने अपनी मर्जी से शादी की है। दूसरी ओर, बेटी के फैसले से नाराज पिता ने उससे संबंध खत्म करने की बात कही।
परिवार तैयार नहीं, मंदिर में रचाई शादी
बताया गया कि युवक प्रापर्टी डीलर है। दोनों के घर आसपास होने के कारण उनके बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था। दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन स्वजन इस रिश्ते के लिए तैयार नहीं थे। परिवार के विरोध के बावजूद दोनों ने मंदिर में शादी कर ली। इसके बाद सुरक्षा की मांग लेकर थाने पहुंच गए।
बेटी से नाराज पिता ने तोड़ा नाता
युवती ने अपने पिता और अन्य स्वजन से जान का खतरा बताते हुए पुलिस से सुरक्षा मांगी। मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस ने दोनों पक्षों के स्वजन को थाने बुलाया। वहां युवती के पिता ने नाराजगी जताते हुए कहा कि उनकी बेटी अब उनके लिए नहीं है। उन्होंने बेटी से संबंध खत्म करने की बात कही।
युवक के पिता ने स्वीकार किया रिश्ता
युवक के पिता थाने नहीं पहुंचे, लेकिन फोन पर उन्होंने बहू को स्वीकार करने की बात कही। इस तरह एक ही शादी को लेकर दोनों परिवारों का अलग-अलग रुख सामने आया। एक ओर युवती के पिता ने बेटी से नाता तोड़ने की बात कही, वहीं युवक के पिता ने उसे बहू के रूप में स्वीकार करने की सहमति जताई।
औपचारिकता के बाद रवाना हुआ जोड़ा
पुलिस ने आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद दोनों को सुरक्षित भेज दिया। युवती ने अपनी मर्जी से शादी करने की बात कही और पुलिस से सुरक्षा की मांग की थी।
यह भी पढ़ें- मुजफ्फरपुर में मेले में हुआ प्यार, भागकर की शादी, ससुराल के दरवाजे पर जलाया दुल्हन का शव
