विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिजली सप्लाई ठप, टावर के नीचे जुटी हजारों की भीड़; मुजफ्फरपुर में प्रेमी के हाईवोल्टेज ड्रामे से पुलिस भी पस्त

By Keshav PandayEdited By: Krishna Bahadur Singh Parihar
Published: Mon, 21 Sep 2026 09:36 AM (IST)

मुजफ्फरपुर के मुशहरी में प्रेम प्रसंग से नाराज एक युवक हाई टेंशन मोबाइल टावर पर चढ़ गया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।

HighLights

  1. प्रेम प्रसंग से नाराज युवक हाई टेंशन टावर पर चढ़ा।

  2. डायल 112 टीम युवक को नीचे उतारने में असफल रही।

  3. बड़ा हादसा टालने के लिए क्षेत्र की बिजली काटी गई।

केशव कुमार, मुजफ्फरपुर। जिले के मुशहरी प्रखंड मुशहरी राधानगर क्षेत्र में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब प्रेम प्रसंग से नाराज एक सिरफिरा प्रेमी हाई टेंशन मोबाइल के टावर (झूमर) पर चढ़ गया। देखते ही देखते युवक ने टावर के ऊपर से ही अपनी मांगों को लेकर हाई वोल्टेज ड्रामा शुरू कर दिया।

युवक को इतनी ऊंचाई पर खतरनाक ढंग से लटका देख स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर एकत्र हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची डायल 112 की टीम भी घंटों मशक्कत के बाद बिना किसी सफलता के खाली हाथ वापस लौट गई।

स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, मामला पूरी तरह से प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। युवक अपनी प्रेमिका से शादी करने की जिद पर अड़ा था और स्वजन द्वारा बात न मानने पर उसने यह आत्मघाती कदम उठा लिया।

जैसे ही वह ऊंचे मोबाइल के टावर के सबसे ऊपरी हिस्से (झूमर) पर चढ़ा, पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। राहगीर और ग्रामीण अपने वाहनों को रोककर इस ड्रामे को देखने लगे, जिससे मौके पर भारी मजमा लग गया। लोग नीचे से चिल्लाकर उसे उतरने की मिन्नतें करते रहे, लेकिन युवक ऊपर से ही अपनी जिद पर अड़े रहने की बात दोहराता रहा।

बैरंग लौटी पुलिस 

घटना की भयावहता को देखते हुए ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस और डायल 112 को सूचित किया। मौके पर डायल 112 की रेस्क्यू टीम दलबल के साथ पहुंची। पुलिसकर्मियों ने लाउडस्पीकर और स्थानीय लोगों की मदद से युवक को समझा-बुझाकर नीचे उतारने का काफी प्रयास किया।

हालांकि, टावर की अत्यधिक ऊंचाई और बिजली की तारों के हाई-वोल्टेज खतरे के कारण टीम बिना किसी ठोस सुरक्षा उपकरणों के ऊपर चढ़ने में असमर्थ दिखी।

काफी देर तक चले ड्रामे और युवक के अड़ियल रुख को देखते हुए आखिरकार डायल 112 की टीम को बिना किसी सफलता के वापस लौटना पड़ा।

काटी बिजली आपूर्ति, टला बड़ा हादसा

युवक जिस टावर पर चढ़ा था, उससे हजारों वोल्ट की हाई टेंशन लाइन गुजर रही थी। किसी अनहोनी की आशंका को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने तुरंत बिजली विभाग से संपर्क कर क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति (पावर कट) बंद करवाई, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया।

खबर लिखे जाने तक स्थानीय प्रबुद्ध लोग और युवक के स्वजन उसे किसी तरह दिलासा देकर या समझा-बुझाकर सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास में जुटे हुए थे। पुलिस मामले पर लगातार नजर बनाए हुए है।

यह भी पढ़ें- अलीगढ़: वेतन वृद्धि और बहाली की मांग को लेकर पूर्व चालक राजू सैनी फिर टावर पर चढ़ा