विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Bihar Crime : 50 लाख की फिरौती, नेपाल में बंधक और कोर्ट में भिड़ंत, किशोरी अपहरण कांड में नया मोड़

Published: Fri, 16 Oct 2026 11:18 PM (IST)

मुजफ्फरपुर के साहेबगंज में 50 लाख की फिरौती के लिए अपहृत किशोरी मामले में पूर्वी चंपारण से तीन आरोपी गिरफ्तार ...और पढ़ें

मुजफ्फरपुर में पुलिस की गिरफ्त में आरोपित।

मुजफ्फरपुर में पुलिस की गिरफ्त में आरोपित।

HighLights

  1. साहेबगंज से किशोरी का 50 लाख फिरौती के लिए अपहरण।

  2. पूर्वी चंपारण से तीन आरोपी गिरफ्तार, नेपाल में बंधक बनाया था।

  3. कोर्ट परिसर में आरोपियों और पीड़ित पक्ष के बीच झड़प हुई।

जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। साहेबगंज थाने की पुलिस ने किशोरी को 50 लाख की फिरौती के लिए अगवा कर नेपाल में बंधक बनाने के मामले में पूर्वी चंपारण के मुफस्सिल थाने के रायसिंघा इलाके के तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

पूछताछ के बाद शुक्रवार को तीनों आरोपितों राजा बाबू, मो. इनामुल और विधि विरुद्ध किशोर को कोर्ट में पेश करने के लिए पुलिस लाई। कोर्ट परिसर में आरोपित पक्ष से भी दर्जनों लोग जुट गए और दोनों पक्षों की भिड़ंत हो गई।

परिसर में आरोपितों के साथ अपहृत पीड़िता को देखकर पुलिस ने उसे अभिरक्षा में ले लिया। मामले में अदालत ने गिरफ्तार दो आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है, जबकि तीसरे विधि विरुद्ध आरोपित को किशोर न्याय बोर्ड भेजा।

कोर्ट परिसर में दोनों पक्षों के बीच झड़प की सूचना पर नगर थाने की पुलिस पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।

मामले में तुरकौलिया के एक युवक को हिरासत में लिया, जबकि अन्य आरोपित भाग गए। पीड़िता का पुलिस के समक्ष बयान दर्ज नहीं हो पाया था। इसलिए कानूनी प्रक्रिया के तहत दूसरे दिन मजिस्ट्रेट पीड़िता का बयान दर्ज होगा।

विदित हो कि साहेबगंज निवासी व विदेश में व्यापार करने वाले कारोबारी ने साहेबगंज थाने में 14 अक्टूबर को प्राथमिकी कराई थी। इसमें सात लोगों को नामजद करते हुए सात अज्ञात को आरोपित बनाया था।

इसमें कहा था कि 10 अक्टूबर को आरोपितों ने उसकी नाबालिग पुत्री का कार से नकदी व जेवरात के साथ अपहरण कर लिया था। आरोपितों ने नेपाल सीमा पार करा जितपुर में उसे बंधक बनाया। इसके बाद 50 लाख रुपये की फिरौती मांगी।

वहीं बेटी का जिस 13 तोला सोना, 500 ग्राम चांदी और जमीन-मकान के लिए रखे दो लाख 14 हजार रुपये के साथ अपहरण किया गया, उसे जबरन ले लिया।

आरोपितों ने काल कर बताया था कि पुत्री को बंधक बनाया गया है। 50 लाख की व्यवस्था कर नेपाल के दिए नंबर पर काल करें।

पुष्टि के लिए पीड़िता का फोटो भी भेजा था। मामले में पुलिस पूरे नेटवर्क और मानव तस्करी की बिंदु पर छानबीन कर अन्य आरोपितों की तलाश कर रही है।

यह भी पढ़ें- दरभंगा में ई-रिक्शा के सफर में तीन लाख के जेवर गायब, लोहिया चौक पर पर्स खोला तो उड़े होश