विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुजफ्फरपुर : पोर्टल पर Ready to Payment, खाते में खाली बैलेंस, 1 साल से 60 हजार छात्राओं को इंतजार

Published: Thu, 26 Nov 2026 09:04 PM (IST)

मुजफ्फरपुर में मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना के तहत 60 हजार से अधिक स्नातक छात्राओं को एक साल से प्रोत्साहन राशि का इंतजार है, जबकि पोर्टल पर उनके आवेदन 'रेडी टू पेमेंट' स्थिति में हैं।

बीआरए बिहार विश्वविद्यालय की 60 हजार से अधिक छात्राओं प्रोत्साहन राशि का इंतजार। (फोटो-प्रतीकात्मक)

बीआरए बिहार विश्वविद्यालय की 60 हजार से अधिक छात्राओं प्रोत्साहन राशि का इंतजार। (फोटो-प्रतीकात्मक) 

HighLights

  1. 60 हजार से अधिक छात्राओं को प्रोत्साहन राशि का इंतजार।

  2. पोर्टल पर आवेदन 'रेडी टू पेमेंट' स्थिति में दिखा रहा।

  3. छात्राएं भुगतान के लिए कॉलेज, विश्वविद्यालय के चक्कर काट रहीं।

जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। पोर्टल पर आवेदन की स्थिति 'रेडी टू पेमेंट' यानी भुगतान के लिए तैयार है, लेकिन बैंक खाते में अब तक एक रुपया भी नहीं पहुंचा।

मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना के तहत स्नातक उत्तीर्ण करने वाली बीआरए बिहार विश्वविद्यालय की 60 हजार से अधिक छात्राएं प्रोत्साहन राशि के इंतजार में हैं।

आवेदन से लेकर दस्तावेज सत्यापन तक की प्रक्रिया पूरी होने के बाद भी भुगतान नहीं होने से छात्राओं की परेशानी बढ़ती जा रही है।

करीब एक साल से राशि मिलने की आस लगाए छात्राएं कभी कॉलेज तो कभी विश्वविद्यालय का चक्कर काट रही हैं, लेकिन उन्हें भुगतान को लेकर स्पष्ट जवाब नहीं मिल रहा है।

पोर्टल पर स्थिति बदली, खाते में राशि नहीं

छात्राओं के आवेदन की स्थिति पोर्टल पर 'रेडी टू पेमेंट' दिख रही है। इससे छात्राओं को उम्मीद है कि जल्द ही उनके खाते में प्रोत्साहन राशि पहुंच जाएगी।

हालांकि, लंबे समय से भुगतान नहीं होने के कारण अब उनकी चिंता बढ़ गई है। छात्राओं का कहना है कि आवेदन के साथ मांगे गए सभी दस्तावेज जमा करने और जरूरी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद भी योजना का लाभ नहीं मिल सका है।

कभी कॉलेज तो कभी विश्वविद्यालय का चक्कर

भुगतान की जानकारी जुटाने के लिए छात्राएं कॉलेज और विश्वविद्यालय के चक्कर लगा रही हैं। गुरुवार को भी कई छात्राएं आवेदन और भुगतान की स्थिति जानने के लिए विश्वविद्यालय पहुंचीं।

इनमें मुजफ्फरपुर के साथ दूसरे जिलों की छात्राएं भी शामिल थीं। उनका कहना था कि योजना के तहत राशि जारी होने की सूचनाएं लगातार मिल रही हैं, लेकिन उनके बैंक खाते में अब तक भुगतान नहीं हुआ है।

विभागीय मुख्यालय पर भुगतान की जिम्मेदारी

विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से छात्राओं को बताया जा रहा है कि भुगतान की जिम्मेदारी अब विभागीय मुख्यालय स्तर पर है। हालांकि, राशि कब जारी होगी, इसको लेकर स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पा रही है।

भुगतान की समयसीमा स्पष्ट नहीं होने से छात्राओं को इंतजार करना पड़ रहा है। छात्राओं ने लंबित प्रोत्साहन राशि जल्द जारी करने और भुगतान प्रक्रिया पूरी कराने का अनुरोध किया है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।