मुजफ्फरपुर जेल में आस्था की अनूठी मिसाल, 7 साल से व्रत कर रहे सिख बंदी, पहली बार करेंगी मुस्लिम महिला
मुजफ्फरपुर केंद्रीय कारा में इस बार छठ पर्व आस्था और सामाजिक समरसता की अनूठी मिसाल पेश कर रहा है। जेल ...और पढ़ें
HighLights
मुजफ्फरपुर जेल में 98 बंदी कर रहे छठ व्रत।
मुस्लिम महिला और सिख पुरुष भी शामिल हैं व्रतियों में।
जेल परिसर में छठ घाट को भव्य रूप से सजाया गया।
अमरेन्द्र तिवारी, मुजफ्फरपुर। धर्म और मजहब की पहचान से परे जब आस्था का रंग चढ़ता है तो हर दीवार छोटी पड़ जाती है। मुजफ्फरपुर के अमर शहीद खुदीराम बोस केंद्रीय कारा में इस बार छठ पर कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिलेगा। यहां जेल की चारदीवारी के भीतर छठी मइया के गीत गूंजेंगे और 98 बंदी भगवान भास्कर को अर्घ्य देंगे।
खास बात यह है कि व्रत करने वालों में एक मुस्लिम महिला और एक सिख पुरुष भी शामिल हैं। पंजाब के गुरजीत सिंह लगातार सात वर्षों से छठ व्रत कर रहे हैं, जबकि रोशनी खातून इस बार पहली बार छठी मइया की आराधना करेंगी।
98 बंदी करेंगे सूर्यदेव की आराधना
केंद्रीय कारा में इस बार कुल 98 सजायाफ्ता और विचाराधीन महिला एवं पुरुष बंदी छठ व्रत करेंगे। इनमें 51 महिलाएं और 47 पुरुष शामिल हैं। व्रतियों में एक मुस्लिम महिला और एक सिख पुरुष भी हैं। यह आयोजन छठ की उस लोक परंपरा और सामाजिक समरसता की मिसाल पेश करेगा, जिसमें आस्था के साथ सभी समुदाय के लोग जुड़ते हैं।
सात साल से छठ कर रहे गुरजीत
जाब के रहने वाले बंदी गुरजीत सिंह पिछले सात वर्षों से छठ व्रत कर रहे हैं। जेल में रहने के बावजूद उनकी आस्था और परंपरा के प्रति लगाव बरकरार है। वहीं, रोशनी खातून इस बार पहली बार छठ व्रत करेंगी। जेल परिसर में दोनों अपने अन्य साथी बंदियों के साथ पूरे विधि-विधान से सूर्यदेव की आराधना करेंगे।
व्रतियों को मिलेंगे नए कपड़े और पूजन सामग्री
केंद्रीय कारा के अधीक्षक यूसूफ रिजवान ने बताया कि सभी व्रतियों के लिए नए वस्त्र, पूजन सामग्री, प्रसाद और अन्य आवश्यक वस्तुओं की व्यवस्था की जा रही है। महिला व्रतियों को साड़ी, लहठी और चूड़ियां दी जाएंगी।
वहीं पुरुष व्रतियों के लिए धोती, गंजी और गमछा उपलब्ध कराया जाएगा। डाला, सूप, फल, मिठाई, अर्घ्य सामग्री और पारंपरिक पकवानों का भी इंतजाम किया जा रहा है, ताकि व्रतियों को किसी तरह की परेशानी नहीं हो।
पोखर की दीवारों पर बंदियों ने उकेरी कलाकृतियां
कारा परिसर स्थित छठ घाट और पोखर की साफ-सफाई के साथ रंग-रोगन का काम चल रहा है। पोखर की दीवारों पर बंदियों ने पारंपरिक चित्रकारी की है। घाट को केले के पेड़, फूल-मालाओं, रंगीन गुब्बारों, झालरों और आकर्षक रोशनी से सजाया जा रहा है।
जेल रेडियो पर गूंज रहे शारदा सिन्हा के गीत
छठ की तैयारियों के बीच जेल का माहौल भक्तिमय हो गया है। जेल रेडियो पर पद्मश्री शारदा सिन्हा के पारंपरिक छठ गीत गूंज रहे हैं। इन गीतों के बीच बंदी भी पर्व की तैयारियों में जुटे हैं। जेल की चारदीवारी के भीतर छठ की पारंपरिक छटा देखने को मिल रही है।
सुरक्षा के लिए तैनात रहेंगे पांच तैराक
छठ घाट पर सुरक्षा और आपदा प्रबंधन को लेकर भी विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। कारा अधीक्षक ने बताया कि जिला प्रशासन की ओर से घाट पर पांच तैराकों की प्रतिनियुक्ति की गई है। अर्घ्य के दौरान किसी अप्रिय घटना को रोकने के लिए विशेष सतर्कता बरती जाएगी। जेल परिसर में परंपरागत विधि-विधान से अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।