मुजफ्फरपुर के बेला-मोतीपुर में बढ़ेंगी औद्योगिक गतिविधियां, मधुबनी-बेतिया में भी खुलेंगे नए हब
बिहार औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकरण (बियाडा) मुजफ्फरपुर के बेला और मोतीपुर औद्योगिक क्षेत्रों का विस्तार करेगा, साथ ही राज्य में 20 नए औद्योगिक क्षेत्र विकसित किए जाएंगे।

इसमें एआई जनरेटेड तस्वीर लगाई गई है।
अमरेन्द्र तिवारी, मुजफ्फरपुर । बिहार औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकरण (बियाडा) बेला औद्योगिक क्षेत्र व मोतीपुर क्लस्टर का विस्तार करेगा। साथ ही राज्य में 20 नए औद्योगिक क्षेत्र विकसित किए जाएंगे। अलग-अलग चरणों में कुल 516.56 हेक्टेयर भूमि पर औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने का निर्णय लिया गया है।
नई पहल में उत्तर बिहार के जिलों पर विशेष जोर दिया गया है। बेतिया और मधुबनी में नए औद्योगिक हब विकसित किए जाएंगे, जबकि मुजफ्फरपुर के बेला और मोतीपुर में पहले से स्थापित औद्योगिक गतिविधियों को विस्तार देकर बुनियादी सुविधाओं को और मजबूत किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार बियाडा की ओर से बेला व मोतीपुर क्लस्टर को नए औद्योगिक नेटवर्क से जोड़ने के साथ बुनियादी ढांचे को उन्नत किया जा रहा है।
इससे परिधान, चमड़ा व खाद्य प्रसंस्करण से जुड़ी इकाइयों को बढ़ावा मिलेगा। बियाडा से मिली जानकारी के अनुसार, नई उद्योग नीति के तहत मुजफ्फरपुर में औद्योगिक निवेश तेजी से बढ़ रहा है।
इस वर्ष बेला व मोतीपुर में 11 नई अत्याधुनिक निर्माण इकाइयों को धरातल पर उतारने की प्रक्रिया पूरी की गई है। इन कंपनियों को एकल खिड़की व्यवस्था के तहत जमीन व आवश्यक प्रशासनिक स्वीकृतियां दी गई हैं।
मोतीपुर में हरित ऊर्जा व खाद्य प्रसंस्करण
मोतीपुर क्लस्टर को हरित ऊर्जा और खाद्य प्रसंस्करण के बड़े केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। मुजफ्फरपुर बायो फ्यूल्स यहां बड़े पैमाने पर इथेनाल का उत्पादन करेगा।
मेसर्स अन्वीरा ग्रीन एनर्जी कंप्रेस्ड गैस (सीबीजी व सीएनजी) का संयंत्र स्थापित कर रही है। जाइरो एग्रो इंडस्ट्रीज की इकाई में आधुनिक तकनीक से उबले चावल (प्री-बायल्ड राइस) का प्रसंस्करण किया जाएगा।
बेला में सर्जिकल सामग्री से कागज के कप तक
बेला औद्योगिक क्षेत्र में आरएमएस सर्जिकल की ओर से डिस्पोजेबल सीरिंज व अन्य सर्जिकल सामग्री का निर्माण किया जाएगा। मेसर्स जामुनी फूड पैकेजिंग की इकाई में कागज के कप बनाए जाएंगे।
इसके अलावा प्रिंस पेंट्स एंड टेक्सचर, ढांढानिया इंडस्ट्रीज, शिव शक्ति उद्योग, सूरज बेक्स और एनवायरो कंपनी को भी जगह आवंटित की गई है। बियाडा उप महाप्रबंधक ने कहा कि नई इकाइयों के निर्माण का काम चल रहा है।
यह भी पढ़ें- मुजफ्फरपुर में 9.71 करोड़ का एमआरएफ सेंटर, सूखे कचरे से बनेगा ईंधन
यह भी पढ़ें- हड्डी के संक्रमण में कौन सी दवा करेगी असर, दरभंगा के DMCH की कल्चर जांच से मिली महत्वपूर्ण जानकारी
