विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुजफ्फरपुर में घर भागी लड़कियों को देख बिछाते थे जाल, WhatsApp पर तस्वीर भेजकर तय होता था सौदा

Published: Sun, 27 Sep 2026 01:16 PM (IST)

मुजफ्फरपुर में एक देह व्यापार गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है, जो रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर अकेली लड़कियों को ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

HighLights

  1. गिरोह अकेली लड़कियों को स्टेशन, बस स्टैंड पर निशाना बनाता था।

  2. WhatsApp पर तस्वीरें भेजकर ग्राहकों से देह व्यापार का सौदा होता था।

  3. किशोरी के अपहरण की शिकायत से इस बड़े गिरोह का खुलासा हुआ।

संवाद सहयोगी, बैरिया (मुजफ्फरपुर)। रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर अकेली लड़कियों की तलाश, पहले जान-पहचान और फिर बातों में फंसाकर उन्हें अपने जाल में खींचना।

पुलिस की पूछताछ में देह व्यापार कराने वाले गिरोह के काम करने का ऐसा तरीका सामने आया है। पुलिस के अनुसार, गिरोह के सदस्य अकेली या घर से भागी लड़कियों को निशाना बनाते थे।

मोबाइल और WhatsApp के जरिए ग्राहकों से संपर्क कर लड़कियों की तस्वीर भेजी जाती थी और सौदा तय किया जाता था।

स्टेशन-बस स्टैंड पर रहती थी नजर

पुलिस के अनुसार, गिरोह के गुर्गे रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर रेकी करते थे। अकेली दिखने वाली लड़कियों से बातचीत शुरू कर धीरे-धीरे विश्वास जीतने की कोशिश की जाती थी। इसके बाद उन्हें बहला-फुसलाकर देह व्यापार के अड्डे तक पहुंचाया जाता था।

लिव इन पार्टनर के साथ चलाता था धंधा

इस मामले में पुलिस ने वैशाली के बिट्टू कुमार, कथैया की शमिता कुमारी, पटना दिघा के सुजीत कुमार, रामकृष्ण नगर के गिरिजा यादव, सदर थाना क्षेत्र की अनीता कुमारी, पारू के आशीष कुमार और हथौड़ी के भूषण झा को गिरफ्तार कर शनिवार को जेल भेज दिया।

पुलिस के अनुसार, बिट्टू कुमार अपनी लिव इन पार्टनर शमिता कुमारी के साथ मिलकर लड़कियों को देह व्यापार के अड्डे तक पहुंचाता था। दोनों खुद को पति-पत्नी बताकर किराये के मकान में रहते थे।

WhatsApp चैट से सामने आया नेटवर्क

पुलिस को आरोपितों के मोबाइल से ग्राहकों और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों के नंबर मिले हैं। बातचीत के साक्ष्य भी मिले हैं। पुलिस के अनुसार, WhatsApp चैट के माध्यम से लड़कियों की तस्वीर ग्राहकों को भेजकर सौदा तय किया जाता था। बरामद मोबाइल में मिले संदिग्ध नंबरों और संपर्कों की भी जांच की जा रही है।

किशोरी के अपहरण से खुला मामला

कथैया क्षेत्र की एक किशोरी का अपहरण कर उसे जबरन देह व्यापार में धकेलने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई शुरू की थी। किशोरी की मां की शिकायत पर जांच करते हुए पुलिस ने मुजफ्फरपुर और पटना से आरोपितों को गिरफ्तार किया। इसके बाद गिरोह के नेटवर्क का खुलासा हुआ।

यह भी पढ़ें- मुजफ्फरपुर में छात्राओं से बैड टच के मामले में टीचर के बाद अब हेडमास्टर भी निलंबित