मुजफ्फरपुर में छात्राओं से बैड टच के मामले में टीचर के बाद अब हेडमास्टर भी निलंबित
Bihar Education Department: मुजफ्फरपुर के लालू छपरा मध्य विद्यालय में छात्राओं से 'बैड टच' मामले में प्रभारी प्रधानाध्यापिका कलावती कुमारी ...और पढ़ें

जिला शिक्षा पदाधिकारी ने विभागीय कार्रवाई शुरू करने का आदेश भी जारी किया है।
HighLights
प्रभारी प्रधानाध्यापिका कलावती कुमारी को 'बैड टच' मामले में निलंबित किया गया।
शिक्षक के खिलाफ शिकायत पर समय से कार्रवाई न करने का आरोप।
प्रशासनिक कर्तव्यों के निर्वहन में घोर लापरवाही के कारण निलंबन।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। Bad Touch Case Muzaffarpur: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के पारू प्रखंड स्थित मध्य विद्यालय लालू छपरा में छात्राओं के साथ हुए अभद्र व्यवहार के मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है।
कक्षा में शिक्षक द्वारा छात्राओं से 'बैड टच' की शिकायत मिलने के बाद भी समय पर उचित कदम न उठाने के कारण प्रभारी प्रधानाध्यापिका कलावती कुमारी को निलंबित कर दिया गया है।
जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO) ने उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू करने का आदेश भी जारी किया है।
प्रशासनिक लापरवाही पर कार्रवाई
जिला शिक्षा विभाग द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि प्रथम दृष्टया प्रभारी प्रधानाध्यापिका के खिलाफ लगाए गए आरोप सही पाए गए हैं।
विद्यालय की जिम्मेदारी संभालने के बावजूद उन्होंने शिक्षक द्वारा छात्राओं से गलत तरीके से स्पर्श किए जाने की गंभीर घटना पर समय पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं की।
विभाग ने इसे प्रशासनिक कर्तव्यों के निर्वहन में घोर लापरवाही और अनुशासनहीनता मानते हुए यह निलंबन का कदम उठाया है।
शैक्षणिक माहौल हुआ प्रभावित
विभागीय आदेश के अनुसार, विद्यालय स्तर पर समय रहते ठोस कदम न उठाए जाने के कारण स्कूल का शैक्षणिक माहौल बुरी तरह प्रभावित हुआ।
प्रधानाध्यापिका होने के नाते छात्राओं की सुरक्षा और ऐसी संवेदनशील शिकायतों पर तुरंत नियमसंगत कार्रवाई करना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी थी।
निलंबन की इस पूरी अवधि में कलावती कुमारी का मुख्यालय प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (BEO) कार्यालय, पारू तय किया गया है, जहां उन्हें जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।
आरोपी शिक्षक पर पहले कार्रवाई
गौरतलब है कि मध्य विद्यालय लालू छपरा में छात्राओं के साथ अभद्रता और बैड टच का मामला सामने आने के बाद प्रशासनिक स्तर पर हड़कंप मच गया था।
इससे पहले जिलाधिकारी के निर्देश पर मुख्य आरोपी शिक्षक रतन कुमार सहनी पर कड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जा चुका है। अब प्रभारी प्रधानाध्यापिका पर हुई इस गाज से पूरे शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है।
