विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुंगेर : शिक्षक पर छात्राओं से बैड टच का आरोप, स्कूल में हंगामा; समर्थन में छात्राओं को लेकर थाने पहुंचे कई शिक्षक

Published: Wed, 19 Aug 2026 09:11 AM (IST)

मुंगेर के धरहरा स्थित एक मध्य विद्यालय में शिक्षक पर छात्राओं से 'बैड टच' और अश्लील बातचीत का गंभीर आरोप ...और पढ़ें

धरहरा के मध्य विद्यालय में छात्राओं से अश्लील बात करने पर बवाल; भीड़ देख HM ने बुलाई पुलिस, आरोपी से पूछताछ

धरहरा के मध्य विद्यालय में छात्राओं से अश्लील बात करने पर बवाल; भीड़ देख HM ने बुलाई पुलिस, आरोपी से पूछताछ

HighLights

  1. शिक्षक पर छात्राओं से 'बैड टच' और अश्लील बातचीत का आरोप।

  2. अभिभावकों ने स्कूल में हंगामा किया, पुलिस ने शिक्षक को हिरासत में लिया।

  3. डीईओ ने जांच के आदेश दिए, शिक्षकों पर कार्रवाई होगी।

संवाद सहयोगी, धरहरा (मुंगेर)। धरहरा थाना क्षेत्र अंतर्गत एक मध्य विद्यालय में पदस्थापित शिक्षक पर छात्राओं के साथ 'बैड टच' (गलत नीयत से छूने) और अश्लील बातचीत करने का बेहद गंभीर आरोप सामने आया है। छात्राओं द्वारा घर जाकर आपबीती सुनाए जाने के बाद मंगलवार को आक्रोशित अभिभावक बड़ी संख्या में विद्यालय पहुंच गए और जमकर हंगामा शुरू कर दिया।

स्थिति को तनावपूर्ण और बेकाबू होते देख विद्यालय के प्रधानाध्यापक (HM) ने तत्काल धरहरा थाना पुलिस को सूचना देकर बुला लिया। मौके पर पहुंची पुलिस भागलपुर जिले के रहने वाले आरोपित शिक्षक को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए थाने ले आई।

लोकलाज के कारण नहीं दी लिखित शिकायत

घटना के बाद पीड़ित छात्राएं और उनके परिजन भी धरहरा थाने पहुंचे, जहां पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं और अभिभावकों से शिक्षक के आचरण को लेकर विस्तृत जानकारी ली। हालांकि, परिजनों ने लोकलाज और सामाजिक प्रतिष्ठा का हवाला देते हुए पुलिस को कोई भी लिखित आवेदन या औपचारिक प्राथमिकी दर्ज कराने से परहेज किया।

पुलिस ने दी हिदायत

लिखित शिकायत के अभाव में पुलिस ने आरोपित शिक्षक से कड़ी पूछताछ की और भविष्य में ऐसी शिकायत न आने की सख्त हिदायत देकर उसे छोड़ दिया। वहीं, ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि उक्त शिक्षक के अनुचित आचरण से तंग आकर विद्यालय की एक महिला शिक्षिका भी छुट्टी पर चली गई हैं, हालांकि प्रधानाध्यापक ने इस दावे को खारिज किया है।

स्कूल टाइम में छात्राओं को लेकर थाने पहुंचे शिक्षक

आरोपित शिक्षक को हिरासत में लिए जाने के बाद एक और हैरान करने वाला वाकया सामने आया। विद्यालय समय के दौरान ही संबंधित स्कूल के कई शिक्षक और पास के कुमार रामानंद हाई स्कूल का एक शिक्षक स्कूल छोड़कर थाने पहुंच गए। हद तो तब हो गई जब शिक्षक अपने साथ विद्यालय की कई छात्राओं को भी आरोपित के समर्थन में थाने ले आए।

व्यवस्था पर उठे सवाल

इस घटना ने शिक्षा व्यवस्था और शिक्षकों की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं कि बिना किसी प्रशासनिक अनुमति के स्कूल अवधि में छात्राओं को थाने कैसे ले जाया गया।

डीईओ ने दिए जांच के आदेश

पूरे मामले पर प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (BEO) भोगेंद्र कुमार ने अनभिज्ञता जताते हुए कहा कि उन्हें शिक्षकों और छात्राओं के थाने जाने की पूर्व सूचना नहीं थी।

थाने जाने वाले शिक्षकों पर कसेगा शिकंजा

वहीं, मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO) कुणाल गौरव ने कड़ा संज्ञान लिया है। डीईओ ने छात्राओं के साथ कथित दुर्व्यवहार के आरोपों की निष्पक्ष जांच के लिए प्रखंड परियोजना प्रबंधक (BPM) को निर्देशित किया है। उन्होंने दो टूक कहा कि जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषी पाए जाने पर कड़ी कानूनी व विभागीय कार्रवाई होगी। इसके साथ ही विद्यालय अवधि में बच्चों को थाने ले जाने वाले सभी शिक्षकों को चिन्हित कर उनसे स्पष्टीकरण (कारण बताओ नोटिस) तलब करने का आदेश दिया गया है।