छोरियां छोरों से कम नहीं: मुजफ्फरपुर की 87 बेटियों ने लहराया परचम, आंध्र प्रदेश की कंपनी में संभालेंगी कमान
Campus Placement Bihar: मुजफ्फरपुर के राजकीय महिला पॉलीटेक्निक संस्थान की 87 छात्राओं को दैकिन इंडिया में नौकरी मिली है। ये ...और पढ़ें

तकनीकी शिक्षा आज बेटियों की तकदीर और तस्वीर दोनों बदल रही है। (AI Generated Image)
HighLights
राजकीय महिला पॉलीटेक्निक की 87 छात्राओं का चयन।
दैकिन इंडिया के आंध्र प्रदेश प्लांट में मिली नौकरी।
दो साल प्रशिक्षण के बाद जूनियर इंजीनियर पद पर।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। Daikin India Job Offer: 'छोरियां छोरों से कम नहीं हैं', मुजफ्फरपुर की बेटियों ने इस कहावत को एक बार फिर अपनी मेहनत और काबिलियत से चरितार्थ कर दिखाया है।
शहर के राजकीय महिला पॉलीटेक्निक संस्थान में उस वक्त खुशी का ठिकाना नहीं रहा, जब एक साथ 87 छात्राओं का कैंपस प्लेसमेंट हुआ।
तकनीकी शिक्षा पूरी करते ही बेटियों को जब हाथों-हाथ नौकरी का ऑफर मिला, तो पूरा परिसर उनकी सफलता के उत्साह और जश्न में डूब गया।
घर की चारदीवारी से निकलकर देश के दूसरे राज्यों में अपने पैरों पर खड़े होने जा रही इन बेटियों की यह कामयाबी समाज में आ रहे एक बड़े और प्रेरणादायक बदलाव की गवाही दे रही है।
दैकिन इंडिया में शानदार मुकाम
संस्थान में आयोजित प्लेसमेंट ड्राइव के दौरान छात्राओं के तकनीकी ज्ञान, कौशल और साक्षात्कार के आधार पर उनका मूल्यांकन किया गया। इसके बाद एयर कंडीशनर निर्माता देश की जानी-मानी कंपनी 'दैकिन इंडिया' की ओर से कुल 87 मेधावी छात्राओं का चयन किया गया।
चयन प्रक्रिया का अंतिम चरण पूरा होते ही जब छात्राओं के हाथों में ऑफर लेटर आने की बात पक्की हुई, तो उनके चेहरों की चमक देखने लायक थी।
यह उत्साह इस बात का गवाह है कि तकनीकी शिक्षा आज किस तरह बेटियों की तकदीर और तस्वीर दोनों बदल रही है।
आंध्र प्रदेश प्लांट में संभालेंगी कमान
चयनित सभी 87 छात्राएं अब आंध्र प्रदेश स्थित दैकिन प्लांट के क्वालिटी कंट्रोल यूनिट में अपनी प्रोफेशनल पारी की शुरुआत करेंगी।
कंपनी की ओर से इन होनहार बेटियों को शानदार करियर ग्रोथ का मौका दिया जा रहा है। शुरुआती दो वर्षों के प्रशिक्षण के बाद इन्हें तीसरे वर्ष से 'जूनियर इंजीनियर' के पद पर पदस्थापित किया जाएगा।
इसके अलावा, कंपनी की तरफ से इन्हें मुफ्त यातायात सुविधा, सब्सिडाइज्ड कैंटीन और कंपनी पोशाक (ड्रेस) जैसी बेहतरीन सुविधाएं भी मुहैया कराई जाएंगी।
प्राचार्य और शिक्षकों ने दी बधाई
एक साथ इतनी बड़ी संख्या में बेटियों के चयन पर संस्थान की प्राचार्य प्रो. रूबी कुमारी ने खुशी जताते हुए सभी सफल छात्राओं को गले लगाया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
उन्होंने कहा कि यह बेटियों की कड़ी मेहनत, लगन और उनके शिक्षकों के कुशल मार्गदर्शन का ही सुखद परिणाम है। वहीं, टीपीओ प्रभारी प्रो. सौरव आनंद ने कहा कि संस्थान का मुख्य उद्देश्य ही बेटियों को उद्योग जगत की आधुनिक जरूरतों के मुताबिक तैयार करना है, ताकि वे हर चुनौती पर खरी उतर सकें।
इस दौरान प्रो. उज्ज्वल कुमार पाठक, प्रो. चांदनी, डॉ. विनीत कुमार और प्रो. सपना समेत अन्य शिक्षक व कर्मी भी मौजूद रहे और सभी ने बेटियों की इस उड़ान पर गर्व महसूस किया।
यह भी पढ़ें- दसवीं-बारहवीं व आईटीआई पास युवाओं के लिए खुशखबरी, बांदा कैंपस प्लेसमेंट में कंपनियों में मिलेगी नौकरी
