जेसीबी में आग लगाने के बाद मुजफ्फरपुर में गैस पाइपलाइन में हुआ था विस्फोट
मुजफ्फरपुर गैस पाइपलाइन हादसे की जांच पूरी हो गई है, जिसमें IOCL, RCD, संवेदक और अभियंताओं सहित कई पक्षों की लापरवाही सामने आई है।

मुजफ्फरपुर के गोबरसही-डुमरी रोड में दो नवंबर को हुआ था गैस पाइपलाइन में ब्लास्ट। फाइल फोटो-जागरण
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। गोबरसही-डुमरी रोड में दो नवंबर को हुए गैस पाइपलाइन हादसे में जांच पूरी हो गई है। चार सदस्यीय कमेटी ने रिपोर्ट डीएम कुमार गौरव को सौंप दी है।
कमेटी ने आइओसीएल, आरसीडी, संवेदक व स्थानीय लोगों का पक्ष जाना तथा मौके पर पहुंचकर जांच करने के बाद पाया कि यह किसी एक की गलती या लापरवाही का परिणाम नहीं है, बल्कि जिम्मेदार अधिकारी से लेकर संवेदक, अभियंता व अर्थ मूवर (जेसीबी) का चालक तक दोषी है।
दो विभागों के बीच समन्वय का अभाव तो था ही लापरवाही भी सामने आई है। वहीं संवेदक ने इस मामले में अर्थ मूवर में आग लगाने के कारण विस्फोट की बात कह कर लोगों पर ब्लास्ट का ठीकरा फोड़ा है।
अब तक गैस पाइपलाइन में विस्फोट को लेकर कई कारण बताए जा रहे थे, लेकिन नर्सिंह सिंह कंस्ट्रक्शन के ठेकेदार प्रतिनिधि राहुल कुमार ने जांच कमेटी को विस्फोट का कारण स्पष्ट करते हुए बताया कि सुबह 11:48 बजे पाइपलाइन से रिसाव होने लगा था और एक मिनट के बाद आइओसीएल के कर्मियों को काल कर इसकी सूचना दी गई।
12:33 बजे तक रिसाव बंद हुआ तो अर्थ मूवर के चालक ने राहुल को इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आइओसीएल के कर्मी द्वारा बताया गया है कि गैस बंद कर दी गई है।
पाइपलाइन में जो बची है, उससे रिसाव हो रहा है। इसके पांच मिनट बाद असामाजिक तत्व व कुछ स्थानीय लोगों ने मिलकर अर्थ मूवर में आग लगा दी। आग लगते ही लीक हो रही गैस के संपर्क में आने से तेज धमाके के साथ सबकुछ बिखर गया।
आइओसीएल प्रबंधन में विफल तो कार्यपालक अभियंता भी नहीं बना सके समन्वय : जांच कमेटी इस निष्कर्ष पर पहुंची कि आइओसीएल का प्रबंधन पूरी तरह फेल रहा।
वहीं आरसीडी के कार्यपालक अभियंता भी समन्वय बनाने में विफल रहे। आरसीडी के दोनों कनीय अभियंता अभिषेक व बलवंत की लापरवाही उजागर हुई। दोनों ने कमेटी को बताया कि दो नवंबर को नाला खोदाई की कोई सूचना नहीं दी गई थी।
वे दोनों विभागीय काम के सिलसिले में जांच करने गए थे। इस पर कमेटी ने कहा कि कनीय अभियंता का यह कथन दर्शाता है कि निर्माण एजेंसी व ठेकेदार से उनका समन्वय नहीं था।
जिलास्तर से अन्य कार्य मिलने का यह अर्थ नहीं कि मूल कार्य अथवा दायित्व की अवहेलना की जाए। कम से कम एक कनीय अभियंता को कार्यस्थल पर होना चाहिए था। यह कार्यपालक अभियंता के कार्य प्रबंधन की असफलता व प्रशासनिक नियंत्रण में कमी को दर्शाता है।
साइट इंचार्ज व सिविल इंजीनियर पर प्राथमिकी की अनुशंसा
जांच कमेटी ने संवेदक के साइट इंचार्ज अरविंद कुमार सिंह व सिविल इंजीनियर मो.आमिर को भी दोषी ठहराया और दोनों पर प्राथमिकी में नामजद किए जाने की अनुशंसा की।
नाला निर्माण का काम अक्टूबर 2025 में शुरू हुआ था और आरसीडी की ओर से आइओसीएल को इसकी जानकारी जनवरी 2026 में दी गई। इसपर भी कमेटी ने सवाल उठाया।
कार्यपालक अभियंता की ओर से बताया कि कई बार मांगने के बाद भी आइओसीएल ने कार्यस्थल का मैप साझा नहीं किया। कहा कि आपसी समन्वय के तहत ही 16 सौ मीटर का नाला निर्माण का काम सफलता से किया गया।
घटना के दिन संवेदक ने कार्य करने की कोई जानकारी नहीं दी थी। कार्यपालक अभियंता ने दोनों कनीय अभियंता को क्लीन चीट देते हुए कहा इस हादसे में वे कहीं से भी दोषी नहीं हैं, जबकि कमेटी ने दोनों अभियंता की स्पष्ट लापरवाही की बात कही है।
दो फीट अधिक चौड़ी खोदाई करने के कारण पाइपलाइन से हुआ संपर्क
भवन निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता ने जांच रिपोर्ट में बताया कि घटनास्थल पर नाला निर्माण के लिए पूर्व से ढाले गए आरसीसी स्ट्रक्चर से करीब दो फीट अधिक चौड़ी खोदाई की गई, जो गैस पाइपलाइन के काफी करीब तक पहुंच गई थी।
पाइपलाइन की गहराई एक मीटर से अधिक पाई गई। आइओसीएल प्रबंधन ने आरसीडी से कार्य की डीपीआर नहीं मांगी थी।
आइओसीएल ने पहली बार अगस्त 2026 में आरसीडी से पत्राचार किया और बताया कि बिना समन्वय कार्य किया जा रहा है। इससे पाइपलाइन को क्षति पहुंची।
अगस्त में पाइपलाइन आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुई थी तब आइओसीएल के अधिकारियों की नींद खुली थी। इसके बाद भी सभी स्तरों पर लापरवाही बरती गई।
सात दिन पहले दी गई रिपोर्ट, अब तक कार्रवाई नहीं
जांच कमेटी ने सात दिन पहले यानी 21 नवंबर को रिपोर्ट डीएम को सौंप दी थी। अब तक इस मामले में डीएम के स्तर से कोई कार्रवाई नहीं की गई है। हालांकि अभी वे अवकाश में हैं। अब उनके स्तर से क्या कार्रवाई होती है, इसका इंतजार रहेगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।