मुजफ्फरपुर साइबर थाने में हमला, की-बोर्ड से सिपाही का सिर फोड़ा, बचाने आई महिला सिपाही को भी पीटा
मुजफ्फरपुर के बेला स्थित साइबर थाना में चार युवकों ने सिपाहियों पर हमला कर मारपीट की, जिसमें एक सिपाही का सिर फूट गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया है।

मुजफ्फरपुर के बेला स्थित साइबर थाने पर हमला। जागरण
HighLights
साइबर थाना में चार युवकों ने किया हमला।
मारपीट में एक सिपाही का सिर फूटा।
पुलिस ने चारों हमलावरों को तुरंत गिरफ्तार किया।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। बेला स्थित साइबर थाना में शनिवार शाम चार युवकों ने सिपाहियों पर हमला कर मारपीट करते हुए सिर फोड़ दिया गया। हमला करने में शामिल चार आरोपितों को बेला और साइबर थाने की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
प्रारंभिक पूछताछ में सभी शेरपुर, बेला और मिठनपुरा के रहने वाले बताए गए हैं। साइबर डीएसपी हिमांशु शर्मा ने घटना की पुष्टि की।
बताया गया कि चार युवक शाम में साइबर थाना पहुंचे थे।
ये सभी एक बैंक खाता से संबंधित जानकारी लेने और शिकायत करने गए थे। थाना में सिपाही अतुल कुमार तैनात थे। उन्होंने चाराें युवक को कुछ देर इंतजार करने को कहा। युवकों ने कारण पूछा तो सिपाही ने बताया कि एक केस से संबंधित काम में व्यस्त हैं।
इसका निष्पादन करने के बाद उनलोगों की समस्या सुनेंगे। 10 मिनट बैठने को कहा। यह जवाब सुनकर चारों तैश में आ गए और सिपाही से विवाद करने लगे।
जोर-जोर से चिल्लाकर उन्हें पुलिस के नियमों की जानकारी देकर दवाब बनाने लगे। सिपाही ने शांत रहने और विधि व्यवस्था की समस्या उत्पन्न नहीं करने की हिदायत दी। इसपर आक्रोशित होकर एक आरोपित ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।
कंप्यूटर का की-बोर्ड उठाकर सिपाही के सिर पर मार दिया। इससे सिर्फ फूट गया। हल्ला हंगामा सुनकर सिपाही नीतीश कुमार और आंचल कुमारी भी पहुंची। उनलोगों ने बीचबचाव का प्रयास किया तो इनके साथ भी चारों ने जमकर मारपीट की। थाना में रखे सामान को भी नुकसान पहुंचाया गया।
बेला थाना की पुलिस के पहुंचने पर पकड़ाए चारों आरोपित
विदित हो कि साइबर थाना का संचालन बेला थाना परिसर स्थित भवन से होता है। परिसर में हंगामा होता देखकर बेला थाना के पुलिसकर्मी भी पहुंचे और बीचबचाव कर मामले को शांत किया।
चारों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया। जख्मी सिपाहियों का इलाज कराया गया। सिपाही अतुल के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।
शाम में चार युवक थाना पर गए थे। ये सभी सिपाही से विवाद करने लगे और विरोध करने पर मारपीट की। इन चारों को गिरफ्तार कर लिया गया है। प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
हिमांशु शर्मा, डीएसपी, साइबर थाना
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।